राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त कर AAM PHC पवनी ने बढ़ाया सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का गौरव
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (AAM PHC) पवनी को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (National Quality Assurance Standards–NQAS) के अंतर्गत राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन (National Quality Certification) प्राप्त हुआ है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (NHSRC), नई दिल्ली द्वारा जारी आदेश के अनुसार राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों द्वारा किए गए विस्तृत बाह्य मूल्यांकन में PHC पवनी ने 94.46 प्रतिशत का उत्कृष्ट स्कोर प्राप्त करते हुए सभी निर्धारित गुणवत्ता मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया।
यह उपलब्धि जिले के स्वास्थ्य विभाग के लिए एक ऐतिहासिक सफलता है। राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन यह दर्शाता है कि PHC पवनी में मरीजों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं मानक आधारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मूल्यांकन के दौरान ओपीडी, प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का संचालन, प्रशासनिक व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण, रिकॉर्ड प्रबंधन, स्वच्छता, मरीजों की सुरक्षा तथा सेवा गुणवत्ता जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण मानकों का गहन परीक्षण किया गया, जिनमें संस्था ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने इस उपलब्धि पर समस्त स्वास्थ्य अधिकारियों, चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों, सीएचओ, एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं सहयोगी कर्मचारियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरी टीम की निष्ठा, अनुशासन, समर्पण एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह प्रमाणन केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि जिले के स्वास्थ्य तंत्र की कार्यकुशलता और सेवा गुणवत्ता का राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान है।
डॉ. वैष्णव ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य केवल राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, सुलभ एवं उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता सुधार, आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, मानव संसाधन का बेहतर उपयोग, स्वच्छता, मरीजों की संतुष्टि एवं मानक संचालन प्रक्रियाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि PHC पवनी की यह उपलब्धि जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी तथा आने वाले समय में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की और भी स्वास्थ्य संस्थाएं राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त कर प्रदेश एवं जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगी। यह सफलता स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, उत्कृष्ट नेतृत्व एवं जनसेवा के प्रति समर्पण का सशक्त उदाहरण है।

