ज्योतिष -धर्म

श्रीहरि के तेज से प्रकट हुईं देवी एकादशी, कैसे शुरू हुआ इस पावन व्रत का विधान? जानें पौराणिक कथा

सनातन धर्म में एकादशी व्रत का विशेष महत्व है। भगवान विष्णु को समर्पित इस व्रत को लेकर मान्यता है कि श्रद्धा और विधि-विधान से इसका पालन करने पर भक्तों को श्री हरि की कृपा प्राप्त होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, देवी एकादशी का प्राकट्य भगवान विष्णु के दिव्य तेज से हुआ था? आइए जानते हैं देवी एकादशी की उत्पत्ति और इस व्रत की शुरुआत से जुड़ी पौराणिक कथा।

एकादशी व्रत का महत्व

हर महीने कृष्ण पक्ष और शुक्ल पक्ष में एक-एक एकादशी आती है। इस तरह साल में 24 एकादशी व्रत रखे जाते हैं। मान्यता है कि इस दिन व्रत रखकर भगवान विष्णु की पूजा करने से व्यक्ति को पुण्य की प्राप्ति होती है। ऐसा भी माना जाता है कि सच्चे मन से एकादशी व्रत करने वाले भक्तों पर श्री हरि की विशेष कृपा बनी रहती है।

मुरासुर के अत्याचार से परेशान थे देवता

पौराणिक कथा के अनुसार, प्राचीन काल में मुरा सुर नाम का एक शक्तिशाली राक्षस था। अपनी ताकत के घमंड में उसने स्वर्ग लोक पर अधिकार कर लिया था। उसके अत्याचारों से देवता परेशान हो गए और देवराज इंद्र सहित सभी देवता सहायता मांगने के लिए भगवान शिव के पास पहुंचे। देवताओं की परेशानी सुनने के बाद महादेव ने उन्हें भगवान विष्णु की शरण में जाने का सुझाव दिया।

इसके बाद सभी देवता अपनी रक्षा और धर्म की स्थापना की प्रार्थना लेकर श्री हरि विष्णु के पास पहुंचे। देवताओं की पीड़ा जानकर भगवान विष्णु ने मुरा सुर का सामना करने का निर्णय लिया। इसके बाद दोनों के बीच भयंकर युद्ध शुरू हो गया।

श्रीहरि के तेज से हुआ देवी का प्राकट्य

कथा के मुताबिक, मुरासुर के साथ लंबे समय तक युद्ध करने के बाद भगवान विष्णु कुछ समय के लिए एक गुफा में विश्राम करने चले गए। राक्षस मुर भी उनका पीछा करते हुए वहां पहुंच गया। उसने विश्राम कर रहे भगवान विष्णु पर हमला करने की कोशिश की। तभी श्री हरि के दिव्य तेज से एक अत्यंत शक्तिशाली और तेजस्वी देवी प्रकट हुईं। उनके हाथों में अनेक अस्त्र-शस्त्र थे। देवी ने राक्षस मुर को युद्ध में पराजित कर उसका वध कर दिया। इस तरह उनके प्राकट्य से देवताओं पर मंडरा रहा संकट दूर हुआ।

जब भगवान विष्णु अपनी निद्रा से जागे, तो उन्होंने राक्षस मुर को मृत पाया और अपने सामने एक दिव्य देवी को खड़ा देखा। देवी के पराक्रम से प्रसन्न होकर श्रीहरि ने उन्हें वरदान मांगने के लिए कहा। चूंकि देवी का प्राकट्य ग्यारहवीं तिथि को हुआ था, इसलिए भगवान विष्णु ने उन्हें उत्पन्ना एकादशी नाम दिया।

Oplus_131072

इस पर देवी ने श्री हरि से निवेदन किया कि उन्हें ऐसा वरदान मिले, जिससे इस तिथि पर व्रत और पूजा करने वाले को विशेष पुण्य की प्राप्ति हो सके। श्रीहरि ने उनकी प्रार्थना स्वीकार की और वरदान देते हुए कहा कि जो भी भक्त इस पावन तिथि पर उनका ध्यान करते हुए देवी का व्रत और पूजन करेगा, उसके सभी कष्ट दूर होंगे और उसे मोक्ष की प्राप्ति होगी। भगवान विष्णु के इस वरदान के बाद से एकादशी व्रत की परंपरा शुरू हुई और उत्पन्ना एकादशी को एकादशी व्रत की शुरुआत से जोड़कर देखा जाता है। तभी से यह तिथि भगवान विष्णु की भक्ति, संयम और आध्यात्मिक साधना के लिए विशेष मानी जाती है।

Oplus_131072

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!