
*यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट अपनाएं और जीवन सुरक्षित बनाएं:—कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू*

*सेवा संकल्प अभियान के तहत बस स्टैंड सारंगढ़ में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
*100 से अधिक लोगों को हेलमेट वितरण, बाइक रैली और नुक्कड़ नाटक से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश*

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 06 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पुलिस विभाग द्वारा बस स्टैंड सारंगढ़ में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री जगन्नाथ पाणिग्राही सहित जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय भूषण पांडेय, कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा एवं जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी शामिल हुए। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया गया।

*नुक्कड़ नाटक से समझाया,छोटी सी सावधानी बचा सकती है जीवन*

सीपीएम कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर हेलमेट पहनने, निर्धारित गति में वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया। संस्कृति विभाग के कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं से बचाव और सुरक्षित यातायात का संदेश दिया। कार्यक्रम में स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की।

सड़क सुरक्षा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में 100 से अधिक लोगों को हेलमेट वितरित किए गए। इसके साथ ही यातायात जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। रैली ने शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए नागरिकों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रम से दिया गया सड़क सुरक्षा का संदेश पूरे जिले तक पहुंचना चाहिए। हेलमेट वितरण का उद्देश्य केवल हेलमेट प्रदान करना नहीं, बल्कि लोगों को यह समझाना है कि जीवन की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने नागरिकों से हेलमेट का नियमित उपयोग करने, सुरक्षित गति से वाहन चलाने और स्वयं के साथ अपने परिवार की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।

*सड़क दुर्घटना पीड़ितों को उपचार योजना का लाभ दिलाने पर जोर*

कलेक्टर श्रीमती साहू ने सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा का उल्लेख करते हुए बताया कि जिले में पिछले लगभग आठ महीनों में सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित 566 मरीजों के उपचार के प्रकरण सामने आए हैं। उन्होंने सड़क दुर्घटना पीड़ितों के निःशुल्क उपचार से संबंधित योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा पात्र प्रकरणों को योजना में दर्ज कर पीड़ितों को नियमानुसार लाभ दिलाने के निर्देश शासकीय एवं निजी अस्पतालों को दिए। योजना के अंतर्गत पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को 1 लाख 50 हजार रुपए तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकती है।
कार्यक्रम में सारंगढ़ एसडीएम श्री उमेश कुमार साहू, श्रीमती ज्योति पटेल, डीएसपी श्रीमती संतोषी, एसडीओपी श्री गोविंद सिंह दीवान सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, युवा तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

