भटगॉवसारंगढ़

*विभागीय योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार करने सांसद श्रीमति कमलेश जांगड़े ने दिए निर्देश*

*विभागीय योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार करने सांसद श्रीमति कमलेश जांगड़े ने दिए निर्देश*

*दिशा समिति की बैठक में जिले के विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर*

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 31 अगस्त 2026/ रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया और जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े के मुख्य आतिथ्य में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रगति और हितग्राहियों को मिल रहे लाभ की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की विभागवार प्रगति एवं उनके क्रियान्वयन की जानकारी सांसदों और समिति के सदस्यों को दी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

*ग्रामीण विकास और रोजगार के कार्यों पर विशेष ध्यान*

बैठक में विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की जानकारी जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत मजदूरी एवं सामग्री मद की राशि प्राप्त हो चुकी है तथा स्वीकृत कार्यों का क्रियान्वयन किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं विकास से जुड़े कार्यों को गति देने के साथ ही लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य पर भी जिला प्रशासन द्वारा कार्य किया जा रहा है।

*किसानों और ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ*

कृषि विभाग द्वारा जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, निर्धारित लक्ष्यों और किसानों को मिल रहे लाभ की जानकारी दी गई। जिला प्रशासन द्वारा कृषि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने तथा विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पशु चिकित्सा विभाग की योजनाओं एवं उपलब्धियों की भी समीक्षा की गई।

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान सांसद कमलेश जांगड़े ने नल-जल योजना को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा योजनाओं के कार्यों की सतत निगरानी कर उन्हें समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया गया।

*आंगनबाड़ी एवं पोषण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कार्य*

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में आंगनबाड़ी केंद्रों, पोषण व्यवस्था, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया ने आवश्यकतानुसार आंगनबाड़ी केंद्रों के सुधार के लिए प्रस्ताव तैयार कर कार्यवाही करने तथा बच्चों को बेहतर एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार हो रहा विस्तार

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने मातृ स्वास्थ्य सहित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी। जिले में टीबी मुक्त अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों के परिणामस्वरूप अब तक 168 गांवों को टीबी मुक्त गांव घोषित किया जा चुका है।

जिला अस्पताल सारंगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और बेहतर उपचार व्यवस्था का लाभ लोगों को मिल रहा है। जिला अस्पताल में 33 हजार से अधिक ओपीडी दर्ज की जा चुकी है। वहीं प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिले में 6 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। दिशा समिति के सदस्यों ने स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर उपचार एवं सुविधाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की सराहना की।

*शिक्षा, आवास, सड़क और नगरीय विकास की भी समीक्षा*

शिक्षा विभाग द्वारा पोषण शक्ति निर्माण योजना, न्योता भोजन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही भू-अभिलेख एवं स्वामित्व योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, समाज कल्याण विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, खाद्य विभाग, मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई।

नगरीय निकायों में संचालित विकास कार्यों, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति की भी जानकारी दी गई। विद्युत, सांख्यिकी, श्रम एवं खेल विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान श्रम विभाग द्वारा जिले में 94 हजार से अधिक श्रमिकों के पंजीयन की जानकारी दी गई।

*योजनाओं के प्रचार-प्रसार से बढ़ेगा लाभ*

सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पात्र लोगों को उनका लाभ मिल सके।

रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ नया जिला है और यहां संसाधन अभी सीमित हैं। इसके बावजूद जिला प्रशासन द्वारा योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने के लिए बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी विभागों को अपने कार्यों को और बेहतर तरीके से करते हुए योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक में सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े, बिलाईगढ़ विधायक कविता लहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, उपाध्यक्ष अजय नायक, सदस्य दिनेश जांगड़े, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिया कमलेश अग्रवाल, पवनी कुलदीप साहू, जनपद पंचायत सारंगढ़ अध्यक्ष ममता ठाकुर, बरमकेला अध्यक्ष विद्या चौहान सहित जिले के कई सरपंच, जनप्रतिनिधि, दिशा समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!