मितानिनों के सम्मान में स्वास्थ्य मंत्री की बड़ी घोषणा, मनेंद्रगढ़ में बनेगा 75 लाख का भवन

खड़गवां (एमसीबी) : गांव-गांव और घर-घर तक स्वास्थ्य सेवाओं की अलख जगाने वाली मितानिन बहनों के सेवा, संघर्ष और समर्पण को उस समय विशेष सम्मान मिला, जब खड़गवां जनपद पंचायत मैदान में आयोजित प्रदेश स्तरीय मितानिन सम्मान समारोह में 1700 से अधिक मितानिनों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने मितानिनों के योगदान को नमन करते हुए जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में मितानिन भवन निर्माण के लिए जिला खनिज न्यास मद से 75 लाख रुपये देने की महत्वपूर्ण घोषणा की। साथ ही जनकपुर में भी मितानिन भवन निर्माण की बात कही।

मितानिन दिवस के अवसर पर आयोजित इस भव्य समारोह में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर काम करने वाली बहनों के योगदान को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के साथ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। समारोह स्थल पर लगी पोस्टर प्रदर्शनी में संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, कुष्ठ एवं मलेरिया उन्मूलन, स्वास्थ्य जागरूकता और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में मितानिनों की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं अतिथियों ने भारत माता और मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। वंदे मातरम, राष्ट्रगान और छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत के साथ समारोह आगे बढ़ा। छत्तीसगढ़ी लोक कलाकार सुनील मानिकपुरी ने चर्चित गीत ‘हमर पारा तुहर पारा’ की प्रस्तुति देकर माहौल को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया। मितानिन बहनों ने महामाला पहनाकर स्वास्थ्य मंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

25 वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत आधारशिला बनीं मितानिनें
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने कहा कि मितानिन कार्यक्रम के 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस लंबी यात्रा में मितानिन बहनों ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने, टीकाकरण अभियान, टीबी उन्मूलन, खड़गवां को टीबी मुक्त बनाने के प्रयासों तथा कुष्ठ रोग उन्मूलन जैसे अभियानों में उनका योगदान बेहद सराहनीय रहा है। उन्होंने कहा कि मितानिनों के समर्पण और सहयोग के बिना स्वास्थ्य विभाग की अनेक उपलब्धियां संभव नहीं थीं।

मितानिनें केवल स्वास्थ्य कार्यकर्ता नहीं, बल्कि समाज की सच्ची सेवक हैं : जायसवाल
मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में मितानिन बहनों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आज का दिन सम्मान, गौरव और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। मितानिन बहनें स्वास्थ्य विभाग की सबसे मजबूत कड़ी हैं, जो शासन की योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करती हैं।
उन्होंने कहा कि मितानिनों की जिम्मेदारी केवल गर्भवती महिलाओं की देखभाल या प्रसव तक सीमित नहीं है। वे टीकाकरण, गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी देने और परिवारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने जैसे अनेक महत्वपूर्ण दायित्व निभाती हैं।

मितानिनों के संघर्ष का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने बस्तर में मलेरिया के प्रकोप के दौरान उनके साहस और सेवाभाव का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गम रास्तों, उफनती नदियों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद मितानिन बहनें मरीजों तक पहुंचीं। कई बार मरीजों को अपनी पीठ पर उठाकर एंबुलेंस तक पहुंचाने का कार्य भी किया। जन्म से लेकर जीवन के अंतिम पड़ाव तक मितानिनें समाज के साथ खड़ी रहती हैं।
भावुक अंदाज में उन्होंने कहा कि मितानिन बहनों से उनका रिश्ता केवल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री का नहीं, बल्कि एक बेटे और भाई का भी है। उनका उद्देश्य केवल औपचारिक सम्मान करना नहीं, बल्कि उन बहनों के वर्षों के त्याग, संघर्ष और निस्वार्थ सेवा को उचित सम्मान देना है, जिनकी बदौलत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत हुई है।

चार एफआरयू सेंटर से मातृ-शिशु मृत्यु दर कम करने की उम्मीद
स्वास्थ्य मंत्री ने संस्थागत प्रसव और मातृ-शिशु स्वास्थ्य में सुधार के लिए मितानिनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि लगातार प्रयासों से प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की स्थिति में सुधार हुआ है। उन्होंने प्रदेश की मातृ मृत्यु दर 123 होने का उल्लेख करते हुए इसे और कम करने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने बताया कि जिले में चार एफआरयू (फर्स्ट रेफरल यूनिट) सेंटर स्थापित करने की योजना है। कई मामलों में समय पर रेफरल और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं होने से गंभीर परिस्थितियां उत्पन्न होती हैं। एफआरयू सेंटर स्थापित होने से गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा। इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलेगी।
मनेंद्रगढ़ में 75 लाख से बनेगा मितानिन भवन
समारोह की सबसे महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मितानिन बहनों की सुविधाओं, बैठकों और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में मितानिन भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जिला खनिज न्यास मद से 75 लाख रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्र जनकपुर में भी मितानिन भवन निर्माण की बात कही। इस घोषणा का उपस्थित मितानिन बहनों ने स्वागत किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता से किए गए वादों और संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
वरिष्ठ मितानिनों का साल-श्रीफल से सम्मान, 1700 से अधिक बहनों को मिला सम्मान
समारोह में अनुभव और सेवा को सम्मान देते हुए सबसे बुजुर्ग 10 मितानिन बहनों को स्वास्थ्य मंत्री ने साल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त एमटी के साथ मंच पर पहुंचीं मितानिन बहनों का भी सम्मान किया गया। जिले के लगभग 1700 से अधिक मितानिनों ने समारोह में भाग लेकर सम्मान प्राप्त किया।
सम्मान के दौरान मितानिन बहनों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। वर्षों से गांवों में स्वास्थ्य जागरूकता और जनसेवा का कार्य कर रही इन बहनों के लिए यह आयोजन उनके समर्पण की सार्वजनिक पहचान और मनोबल बढ़ाने का यादगार अवसर बना।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम में नगर निगम महापौर रामनरेश राय, सभापति संतोष सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, जिला महामंत्री द्वारिका जायसवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, जनपद पंचायत खड़गवां अध्यक्ष श्याम बाई मरकाम, उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह करियाम, खड़गवां मंडल अध्यक्ष धर्मपाल सिंह, चिरमिरी मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष खड़गवां, रामजीत लकड़ा उर्फ भगत, बाबूराजू नायक, परमानंद जायसवाल, रवि सिंह एवं खड़गवां सरपंच सुखित लाल अगरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे, एसडीएम खड़गवां, तहसीलदार खड़गवां, डीपीएम शिशिर जायसवाल, बीएमओ डॉ. मनीष सिंह, सीएस चिरमिरी तोमर, मनेंद्रगढ़ 220 बिस्तर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी, बीपीएम राजकुमार रजवाड़े सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
खड़गवां का यह भव्य सम्मान समारोह उन मितानिन बहनों के प्रति समाज और शासन की कृतज्ञता का प्रतीक बना, जो तमाम कठिनाइयों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं की रोशनी लेकर गांव-गांव पहुंचती हैं। 1700 से अधिक बहनों का सम्मान और मितानिन भवन के लिए 75 लाख रुपये की घोषणा ने समारोह को विशेष महत्व प्रदान किया।


