छत्तीसगढ़सारंगढ़

त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन की तैयारियां शुरू, 23 से 30 अक्टूबर तक ग्राम सभाओं का होगा आयोजन

त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन की तैयारियां शुरू, 23 से 30 अक्टूबर तक ग्राम सभाओं का होगा आयोजन

निर्वाचक नामावली तैयार करने एवं पुनरीक्षण के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने जारी किया कार्यक्रम

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को दिए निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 18 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में त्रिस्तरीय पंचायत आम एवं उप निर्वाचन 2026 के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने तथा पुनरीक्षण की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) श्रीमती पद्मिनी भोई साहू द्वारा जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं नगर पालिका अधिकारियों को आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावली तैयार करने के प्रथम चरण में 5 अक्टूबर 2026 से रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा 21 अक्टूबर 2026 को निर्वाचक नामावली का मुद्रण एवं सॉफ्टवेयर अभिलेखों की उपलब्धता की व्यवस्था की जाएगी। इसके पश्चात 23 अक्टूबर 2026 को निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा तथा दावा-आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू होगी। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाना निर्धारित है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि 23 से 30 अक्टूबर 2026 के बीच जिले के ग्राम सभा एवं नगरीय क्षेत्रों में वार्ड सभाओं का आयोजन कर निर्वाचक नामावली का वाचन कराया जाए। इस दौरान मतदाता सूची में नामों की शुद्धता सुनिश्चित करने, पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने तथा आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचक नामावली त्रुटिरहित तैयार करने के लिए निर्धारित कार्यक्रम का कड़ाई से पालन करने तथा ग्राम सभा एवं वार्ड सभा की कार्यवाही का विवरण तैयार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आयोजित सभाओं की जानकारी एवं अनुपालन प्रतिवेदन जिला निर्वाचन कार्यालय को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा गया है।

जिला निर्वाचन कार्यालय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करें, ताकि त्रिस्तरीय पंचायत आम एवं उप निर्वाचन की निर्वाचक नामावली तैयार करने तथा पुनरीक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!