
बड़ी खबर : डेढ़ दर्जन गौवंशों को कुचल कर मार डाला, 4 मवेशी गंभीर घायल

बार बार ट्रक को रिवर्स कर मवेशियों को कुचलता रहा ड्राइवर
4 मवेशी गंभीर घायल, ट्रक चालक गिरफ्तार

रायपुर, बस्तर संभाग के सुकमा जिले से एक दर्दनाक खबर आई है, जहां राष्ट्रीय राज मार्ग पर बैठे करीब डेढ़ दर्जन मवेशियों को एक ड्राइवर ने अपने ट्रक से कुचल कर मार डाला। यह एक दुर्घटना नहीं, बल्कि गौवंश की सुनियोजित हत्या का मामला बताया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक ड्राइवर अपने ट्रक को कई बार आगे पीछे कर मवेशियों को ट्रक से कुचलता रहा।
यह बेहद दर्दनाक और खौफनाक वाकिया सुकमा जिले के कोंटा ब्लॉक में हुआ है। यहां नेशनल हाईवे-30 पर बैठे 18 मवेशियों को ट्रक से कुचल कर मार डाला गया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बीती रात करीब 1 बजे ट्रक क्रमांक सीजी 12 एएक्स 4808 के चालक ने तेज गति से वाहन चलाते हुए 18 गौवंशों को कुचल दिया, जिसमें 14 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद थाना कोंटा में मामला दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकुमार उरांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
आरोपी के कब्जे से ट्रक और संबंधित दस्तावेज जप्त कर लिए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। घटना राष्ट्रीय राज मार्ग क्रमांक 30 पर ग्राम पंचायत ढोंडरा स्थित राजू ढाबा के आगे बीती रात हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन चालक ने कई बार वाहन रिवर्स कर गौवंशों को कुचला। इस घटना को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश है। ग्रामीण आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




