छत्तीसगढ़रायपुर

जंगल तक पहुंचा खदान का मलबा, वन मंत्री बोले- जांच रिपोर्ट के बाद दोषियों पर होगी कार्रवाई

जगदलपुर : बस्तर में खनन गतिविधियों के कारण जंगलों और पर्यावरण को होने वाले नुकसान का मुद्दा अब तूल पकड़ता जा रहा है. किरंदुल के डिपॉजिट-14 में हुए भीषण भूस्खलन के बाद NMDC की कार्यप्रणाली पर पहले ही सवाल उठ रहे हैं, वहीं अब प्रदेश सरकार ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है. वन मंत्री केदार कश्यप ने स्पष्ट किया है कि भूस्खलन से जंगलों, पेड़-पौधों और वन्यजीवों को हुए नुकसान का विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित वन क्षेत्र का बारीकी से आकलन किया जाए और यह पता लगाया जाए कि इस घटना से प्राकृतिक संपदा को कितनी क्षति पहुंची है. मंत्री ने कहा है कि अध्ययन रिपोर्ट सामने आने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

गौरतलब है कि किरंदुल के डिपॉजिट-14 में हुए भूस्खलन का मलबा वन विभाग के फॉरेस्ट कंपार्टमेंट नंबर 673 के आरक्षित वन क्षेत्र तक पहुंचा है. प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब ढाई से तीन किलोमीटर के दायरे में मलबा फैलने की बात सामने आई है. इस घटना ने न केवल वन संपदा को हुए नुकसान बल्कि खनन क्षेत्र में पर्यावरणीय सुरक्षा के इंतजामों पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं. घटना के बाद वन विभाग ने संबंधित एजेंसी NMDC के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अब विभागीय जांच में यह भी स्पष्ट होगा कि आरक्षित वन क्षेत्र को कितना नुकसान पहुंचा और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है.

इस पूरे विवाद के बीच NMDC प्रबंधन ने किरंदुल कॉम्प्लेक्स में पदस्थ जनरल मैनेजर (HR) सुधांशु वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. हालांकि निलंबन आदेश में कार्रवाई के कारणों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि कांग्रेस के जांच दल को घटनास्थल के निरीक्षण की अनुमति देने का मामला भी इस कार्रवाई से जुड़ा हो सकता है. फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में डिपॉजिट-14 भूस्खलन की जांच अब केवल मलबे और नुकसान के आकलन तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह भी महत्वपूर्ण होगा कि पर्यावरणीय नुकसान के लिए जवाबदेही तय होती है या नहीं.

रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई : वन मंत्री कश्यप

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि लगभग 50 सेक्टर क्षेत्र में पूरा मलबा बहने की जानकारी मिली है.  हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स (HoFF) को निर्देशित किया गया है कि पेड़ों और वन्यजीवों को हुए नुकसान की जांच करें. रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.

Oplus_131072
Oplus_131072

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!