संविधान दिवस पर जे. पी. पब्लिक स्कूल में हुआ विशेष आयोजन

बिलाईगढ़ : जे. पी. पब्लिक स्कूल बेलटिकरी में 26 नवंबर को संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती बी. के. जायसवाल ने विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना का महत्व समझाते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। प्रत्येक विद्यार्थी को संविधान में दिए गए अधिकारों के साथ-साथ अपने मौलिक कर्तव्यों को भी समझना चाहिए। हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

विद्यालय के निदेशक श्री संत राम जायसवाल ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों में अच्छे संस्कार, देशप्रेम, सामाजिक समानता और संवैधानिक मूल्यों का विकास करना भी है। आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं।

सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति सम्मान रखने, अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन करने तथा एक जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने भारतीय संविधान के आदर्शों का सम्मान करने तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।






