सफलता की कहानी
सुशासन सरकार : जिला अस्पताल सारंगढ़ में ऑपरेशन आरम्भ, बच्चे के जन्म से सफल

सफलता की कहानी
सुशासन सरकार : जिला अस्पताल सारंगढ़ में ऑपरेशन आरम्भ, बच्चे के जन्म से सफल

एनेस्थीसिया डॉक्टर की पोस्टिंग के बाद प्रसव का पहली बार हुआ सफल सिजेरियन ऑपरेशन
बड़े शहरों की निर्भरता से मिली आजादी
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 1 जून 2026/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा अनुरूप जिले में विकास की गाथा निरंतर लिखी जा रही है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. कुन्ती नायक की पोस्टिंग, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रानू मनहर और उनकी टीम ने पहले ही दिन सोमवार को सुरक्षित प्रसव कराकर जिला चिकित्सालय सारंगढ़ के नाम उपलब्धि दर्ज की है। यह गर्भवती माताओं के प्रसव काल के लिए वरदान है।
इस बेहद संवेदनशील और पहले ऑपरेशन की कमान जिला अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रानू मनहर ने संभाली। डॉ. मनहर और उनकी पूरी तरह ट्रेंड व मुस्तैद मेडिकल टीम ने अपनी विशेषज्ञता का परिचय देते हुए ऑपरेशन को शत-प्रतिशत सफल बनाया। ऑपरेशन के बाद किलकारी गूंजते ही पूरा अस्पताल स्टाफ खुशी से झूम उठा। वर्तमान में मां और नवजात शिशु दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
आदेश निकलते ही काम शुरू
सारंगढ़ जिला अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन की राह में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की कमी सबसे बड़ा रोड़ा बनी हुई थी। इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए जिला प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन ने एड़ी-चोटी का जोर लगा रखा था। नतीजा यह हुआ कि संचालक चिकित्सा शिक्षा द्वारा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. कुन्ती नायक की सेवाएं जिला चिकित्सालय सारंगढ़ के लिए जारी की गईं। डॉ. नायक के कार्यभार संभालते ही, अस्पताल प्रबंधन ने बिना एक पल गंवाए 01 जून 2026 को इस ऐतिहासिक ऑपरेशन को हरी झंडी दी है।
जिला चिकित्सालय सारंगढ़ ने आज स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचकर अपनी उपयोगिता और क्षमता का लोहा मनवा दिया है। वर्षों से जिस आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा की जरूरत क्षेत्र की जनता को थी, वह सपना आज सच हो गया। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के कुशल निर्देशन, सीएमएचओ डॉ पुष्पेन्द्र वैष्णव व सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप आज जिला चिकित्सालय में पहला सफल (सिजेरियन) ऑपरेशन पूरी कामयाबी के साथ संपन्न किया गया।
गरीब परिवारों को मिली बड़ी राहत
इस बड़ी कामयाबी पर गर्व व्यक्त करते हुए सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने कहा, यह सिर्फ एक ऑपरेशन नहीं है, बल्कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत है। कलेक्टर के विजन के कारण आज हम इस मुकाम पर पहुंचे हैं। अब हमारे क्षेत्र की गरीब और मध्यमवर्गीय गर्भवती माताओं को सिजेरियन या किसी भी जटिल प्रसव के लिए रायगढ़, बिलासपुर या महंगे प्राइवेट अस्पतालों के चक्कर काटने को मजबूर नहीं होना पड़ेगा। उन्हें उनके घर के पास ही यह बेहद खर्चीली सुविधा बिल्कुल मुफ्त और विश्वस्तरीय मानकों के साथ मिलेगी। जिला अस्पताल की इस ऑपरेशन सुविधा से पूरे सारंगढ़ बिलाईगढ़ अंचल में भारी उत्साह है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, इलाज कराने आये नागरिकों ने कलेक्टर, सिविल सर्जन सहित पूरी डॉक्टर टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि जिला अस्पताल में अब सभी सुविधा धीरे धीरे मिल रही है।





