जनचौपाल में मुख्यमंत्री ने सुनी जनता की बात, विकास कार्यों की दी सौगात
सुशासन तिहार के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम भीखमपुरा पहुंचे मुख्यमंत्री, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

जनचौपाल में मुख्यमंत्री ने सुनी जनता की बात, विकास कार्यों की दी सौगात

सुशासन तिहार के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम भीखमपुरा पहुंचे मुख्यमंत्री, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

ग्रामीणों, महिलाओं और जनप्रतिनिधियों की सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
सामुदायिक भवन, मंगल भवन, सीसी रोड और तालाब सौंदर्यीकरण सहित कई विकास कार्यों की घोषणा

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 04 जून 2026// सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज जिले के ग्राम भीखमपुरा पहुंचे, जहां उन्होंने गौशाला परिसर में आयोजित जनचौपाल में आमजन से सीधा संवाद किया। पारंपरिक खाट पर बैठकर मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों तथा स्व-सहायता समूह की सदस्यों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना तथा योजनाओं के क्रियान्वयन का जमीनी फीडबैक प्राप्त करना है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रही है और उनके समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में आयोजित चौपालों और समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। आज सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला में 26वां जन चौपाल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसानों के हित में संचालित योजनाओं, सौर ऊर्जा विस्तार तथा स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और विकास को जनभागीदारी से जोड़ना है।
ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत मांगों पर मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने सपेरा समाज के लिए सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण, बस्ती क्षेत्र में मंगल भवन निर्माण, गांव की आंतरिक गलियों में सीसी रोड निर्माण तथा चंडी मंदिर के समीप स्थित डबरी तालाब के सौंदर्यीकरण की घोषणा की। साथ ही प्राथमिक शाला का नामकरण पंडित हृदयानंद पाणिग्राही के नाम पर किए जाने की भी घोषणा की।
इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री का भीषण गर्मी के बीच सीधे गांव पहुंचकर लोगों से संवाद करना उनकी जनसेवा और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय पांडेय, उपाध्यक्ष श्री अजय नायक, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अभिलाषा नायक एवं श्रीमती सहोदरा सिदार, जनपद पंचायत अध्यक्ष बरमकेला श्रीमती विद्या चौहान, पूर्व विधायक श्रीमती केरा बाई मनहर, श्री जवाहर नायक, जगन्नाथ पाणिग्राही, ज्योति पटेल, खनिज साधन विभाग के सचिव श्री पी. दयानंद, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव श्री रजत बंसल, कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।





