विद्यालय में कुष्ठ मुक्त समाज बनाने का संकल्प
जादू के माध्यम से दिया गया कुष्ठ रोग से बचाव और जागरूकता का संदेश

भटगांव (जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, छ.ग.) : स्थानीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, भटगांव में भारत सरकार के तत्वावधान में कुष्ठ रोग (लेप्रोसी) के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आमंत्रित जादूगरों की टीम ने अपने रोचक और मनोरंजक जादुई करतबों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को कुष्ठ रोग के लक्षण, कारण और इसके पूर्ण उपचार की विस्तृत जानकारी दी।

जादूगरों ने सरल और आकर्षक शैली में समझाया कि कुष्ठ रोग कोई अभिशाप या छुआछूत की बीमारी नहीं है, बल्कि यह एक सामान्य जीवाणु से होने वाला रोग है, जो एमडीटी (MDT) दवाओं के नियमित सेवन से पूरी तरह ठीक हो सकता है। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे इस महत्वपूर्ण जानकारी को अपने घरों तक पहुंचाएं और अपने माता-पिता व परिजनों को भी इसके सभी पहलुओं से अवगत कराएं, ताकि समाज में फैली भ्रांतियों को दूर किया जा सके।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जायसवाल ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे एक जागरूक दूत की तरह अपने अभिभावकों को कुष्ठ रोग के शुरुआती लक्षणों—जैसे त्वचा पर सुन्न दाग—की पहचान करने और समय पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने के लिए समझाएं।

विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री नारंग ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने बच्चों से कहा कि कुष्ठ रोगियों के प्रति भेदभाव न रखें और समय पर इलाज कराकर स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान दें। कार्यक्रम के अंत में सभी ने कुष्ठ मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।






