नगर पंचायत भटगांव में पत्रकार दशहरा उत्सव धूमधाम से सम्पन्न, 31 फीट रावण का हुआ दहन

नगर पंचायत भटगांव में पत्रकार दशहरा उत्सव धूमधाम से सम्पन्न, 31 फीट रावण का हुआ दहन
विवेक शर्मा स्टार नाईट ने बांधा समां, रात 4 बजे तक डटे रहे हजारों दर्शक
विवेक शर्मा के गीत मे झूमें अतिथिगण एवं पत्रकार साथी

भटगांव :- नगर भटगांव में पत्रकार दशहरा उत्सव समिति द्वारा आयोजित भव्य दशहरा उत्सव कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम से सम्पन्न हुआ। दशहरा मैदान में शाम 7 बजे रावण दहन और मंच पर राम-रावण के नाटकीय मंचन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद रात्रि 10 बजे से सुप्रसिद्ध गायक विवेक शर्मा के स्टार नाईट कार्यक्रम ने पूरी रात दर्शकों को बांधे रखा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम कुर्रे उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रदीप देवांगन ने की। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष व पार्षद वार्ड क्रमांक 1 प्रवेश दुबे सहित समस्त पार्षद और सभी जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इन सभी अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

शाम 7 बजे हुआ रावण दहन, लोटस पब्लिक स्कूल के बच्चों ने किया राम-रावण का मंचन
शाम होते ही दशहरा मैदान में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। ठीक शाम 7 बजे मंच पर राम-रावण के नाटकीय मंचन की शुरुआत हुई। इस मंचन को लोटस पब्लिक स्कूल के बच्चों ने प्रस्तुत किया, जो इस कार्यक्रम का सबसे भावुक और आकर्षक हिस्सा रहा।

बच्चों ने राम, सीता, लक्ष्मण, वीर हनुमान और रावण के पात्रों को बखूबी निभाया। छोटे-छोटे बच्चों द्वारा जब राम-रावण संवाद और युद्ध का मंचन किया गया तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। विशेष रूप से हनुमान जी की भूमिका निभा रहे बच्चे ने अपने अभिनय से सभी का दिल जीत लिया। मंचन के बाद भगवान श्रीराम के द्वारा 31 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। जैसे ही रावण के पुतले में आग लगी, वैसे ही आतिशबाजी शुरू हो गई और “जय श्री राम” के नारों से पूरा मैदान गूंज उठा। यह दृश्य देखकर लोगों में बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्साह देखने को मिला।
रात्रि 10 बजे से शुरू हुआ विवेक शर्मा स्टार नाईट

रावण दहन के बाद कार्यक्रम के दूसरे चरण यानी स्टार नाईट की शुरुआत हुई। रात्रि 10 बजे से रायपुर से आये सुप्रसिद्ध गायक विवेक शर्मा ने अपनी प्रस्तुति शुरू की। मंच पर आते ही उन्होंने अपने प्रसिद्ध भक्ति गीत “मोर दुर्गा दुलौलिन ओ” से शुरुआत की। जैसे ही विवेक शर्मा ने यह गीत गाया, वैसे ही खचाखच भरी 8-10 हजार दर्शकों की भीड़ ने तालियों की गूंज से उनका स्वागत किया। पूरा दशहरा मैदान दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था, पैर रखने तक की जगह नहीं थी। 5 हजार दर्शकों के लिए बैठने की व्यवस्था किया गया था जिससे दर्शकों ने इस व्यवस्था को काफ़ी सराहा.
भक्ति गीतों और छत्तीसगढ़ी गानों का रहा समागम

इस स्टार नाईट कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि इसमें भक्ति गीतों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी फिल्मों के सुपरहिट गानों का भी समागम रहा। विवेक शर्मा ने एक के बाद एक ऐसे गीत पेश किये कि दर्शक झूमने पर मजबूर हो गये। उन्होंने “जय माता दी”, “तोर बिना”, “मया के गीत” जैसे कई प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी गीत गाए। उनके गीतों पर युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी नाचते हुए नजर आये। डीजे और साउंड की बेहतरीन व्यवस्था ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया था।
गुलाबी ठंड में भी रात 4 बजे तक डटे रहे दर्शक
इस समय मौसम में हल्की गुलाबी ठंड शुरू हो गई है, लेकिन इस ठंड का भी दर्शकों के उत्साह पर कोई असर नहीं पड़ा। विवेक शर्मा के प्रोग्राम को देखने के लिए दर्शक रात 4 बजे तक टस से मस नहीं हुए। 10 हजार की भीड़ रात भर मंच के सामने जमी रही। लोग अपने मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर गायक का उत्साह बढ़ा रहे थे। यह नजारा देखते ही बन रहा था। ऐसा लग रहा था जैसे पूरा भटगांव नगर एक साथ जश्न मना रहा हो।
मुख्य अतिथियों ने किया सम्मान
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष विक्रम कुर्रे द्वारा रायपुर से आये हुए विवेक शर्मा और उनकी पूरी टीम का पुष्प गुच्छ देकर सम्मान किया गया। उन्होंने पत्रकार दशहरा उत्सव समिति की इस पहल की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से नगर में सांस्कृतिक एकता बढ़ती है। उपाध्यक्ष प्रदीप देवांगन और पार्षद प्रवेश दुबे ने भी समिति को बधाई दी और कहा कि पत्रकारों द्वारा इस तरह का भव्य आयोजन करना नगर के लिए गर्व की बात है।
पत्रकार समिति ने जताया आभार
कार्यक्रम के सफल आयोजन के बाद पत्रकार दशहरा उत्सव समिति के सदस्यों ने नगर पंचायत, पुलिस प्रशासन, लोटस पब्लिक स्कूल के बच्चों, विवेक शर्मा की टीम और समस्त नगरवासियों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम सफल हो सका। वहीं कार्यक्रम के का समापन की घोषणा पत्रकार दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष के. पी. पटेल ने किया और 2027 मे शिवरीनारायण जैसे 9 दिवसीय कार्यक्रम की घोषणा की और कहा कि अगले वर्ष नये समिति का गठन करते हुए नगर पंचायत भटगांव द्वारा सामूहिक रूप से 9 दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किये जायँगे जहाँ 9 दिन तक गरबा कार्यक्रम, मेला, मीना बाजार और 9 दिन तक कई बड़े बड़े कार्यक्रम किये जायेंगे और रावण दहन दशहरा के दिन ही किया जायेगा जो भटगांव के लिए पुनः ऐतिहासिक कार्यक्रम किया जायेगा. वहीं इस दूसरे वर्ष के सफल आयोजन मे भटगांव पत्रकार दशहरा समिति के अध्यक्ष के. पी. पटेल, उपाध्यक्ष मोनू यादव, सरंक्षक धर्मेंद्र साहू, कोषाध्यक्ष रूप नारायण सिँह राजपूत, सचिव योगेश केशरवानी, सह सचिव सुरेश रघु, कर्मठ सदस्य उमा धिवर एवं अनिल जायसवाल सहित सदस्य रामदुलार साहू, विकास दुबे, संदीप पटेल, सहदेव सिदार, गणपत बंजारे, दशरथ टंडन, देव नारायण साहू, सभी अतिथियों, बीपी जोन के सदस्य, सर्व मित्र मण्डल, पुलिस प्रशासन, समस्त स्कूल, स्वास्थ्य विभाग, समस्त पार्षद, अध्यक्ष विक्रम कुर्रे , उपाध्यक्ष प्रदीप देवांगन, व्यापारी संघ के सदस्यों, जन कल्याण समिति के सदस्यों व पुरे नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियो का विशेष सहयोग रहा.वहीं कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की सुविधा प्रखर इंडिया न्यूज़ चैनल एवं सीसीटीवी सुरक्षा की व्यवस्था प्रज्ञा इलेक्ट्रॉनिक्स व कम्प्यूटर्स संचालक के. पी. पटेल के सौजन्य से किया गया था.

