सारंगढ़ बिलाईगढ़

कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे द्वारा सारंगढ़ के शहरी क्षेत्र के विकास कार्यों का निरीक्षण*

*कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे द्वारा सारंगढ़ के शहरी क्षेत्र के विकास कार्यों का निरीक्षण*

*कलेक्टर ने लापरवाही पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश*

*मुड़ा तालाब के पास 1 करोड़ का गार्डन निर्माण 15 मई तक पूरा करने के निर्देश*

*पाइपलाइन और आवास निर्माण कार्यों का जमीनी हकीकत देखकर समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए*

*कंपोजिट बिल्डिंग के निर्माण में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी*

*लेबर बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने और 15-15 दिन में प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश*

सारंगढ़ बिलाईगढ़, 22 अप्रैल 2026/ कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सारंगढ़ नगरपालिका शहरी क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का विभागीय अधिकारियों के साथ व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को कड़ी फटकार लगाते हुए समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर मुड़ा तालाब के पास लगभग 1 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे गार्डन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्य का बारीकी से अवलोकन किया और कार्य को हर हाल में 15 मई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि शहरी क्षेत्र के लोगों को फायदा मिल सके। इसके बाद कलेक्टर फूलझरिया पारा इंदिरा नगर पहुंचे, जहां जल जीवन मिशन के अंतर्गत बिछाई गई पाइपलाइन के बाद किए गए कंक्रीटीकरण कार्य की वास्तविक स्थिति जानने के लिए वे स्वयं अधिकारियों के साथ गलियों में पैदल निरीक्षण किए। इस दौरान कई स्थानों पर सड़क निर्माण में लापरवाही और गड्ढे पाए गए, जिस पर उन्होंने ठेकेदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क की ढलाई समान स्तर (रोड लेवल) पर की जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

वार्ड क्रमांक 15 पैलपारा स्थित तिवारी तालाब के निरीक्षण के दौरान तालाब में गंदगी पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगरपालिका सीएमओ को निर्देशित किया कि तालाब का गंदा पानी तत्काल खाली कराकर उसका गहरीकरण कराया जाए, ताकि जल संरचना बेहतर हो सके इसके लिए नगरपालिका से प्रस्ताव मंगाया गया।नगरपालिका शहरी क्षेत्र के नवापारा में प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत हितग्राही लूचरण जांगड़े के निर्माणाधीन आवास का भी निरीक्षण किया गया। यहां कार्य की धीमी गति पर कलेक्टर ने गड्डा के बाद नींव, दीवाल, ढलाई कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने खेलभाठा मैदान के पास नए निर्माणाधीन कम्पोजिट बिल्डिंग और ट्राइबल हॉस्टल जीर्णोद्धार का निरीक्षण किया और श्रमिकों की संख्या बढ़ाने तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। ट्राइबल हॉस्टल में चल रहे कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने कार्य में हो रही देरी पर असंतोष जताया और 15 जुलाई तक कार्य पूर्ण करने और हर 15 दिन में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, डिप्टी कलेक्टर उमेश कुमार साहू, सारंगढ़ एसडीएम वर्षा बंसल, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी पी एल पैकरा, नगरपालिका सीएमओ सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!