चार जिलों में एसीबी टीम की कार्रवाई, जनपद सीईओ तथा 3 पटवारी पकड़ाए…
कुलेश्वर गायकवाड़ सीईओ जनपद पंचायत बिलाईगढ़ को 20,000 रूपए की रिश्वत लेते पकड़ा…
रायपुर – एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आज ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अलग अलग जिलों में रिश्वत लेते अधिकारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में एसीबी की टीम ने जनपद सीईओ तथा 3 पटवारियों को बिलाईगढ़, जगदलपुर, बलरामपुर तथा कवर्धा से गिरफ्तार किया गया है। ईओडब्ल्यू/एसीबी के निदेशक आरिफ एच शेख के निर्देशन एवं पंकज चंद्रा, पुलिस अधीक्षक, ईओडब्ल्यू/एसीबी के नेतृत्व एवं अमृता सोरी ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसीबी के हमराह में एसीबी यूनिट रायपुर, जगदलपुर एवं अंबिकापुर की टीम ने ये कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार एक प्रार्थी ने एसीबी में शिकायत की थी कि स्कूल अहाता निर्माण कार्य का बकाया 3 लाख की राशि का भुगतान करने के एवज में 20 हजार रूपए की मांग की जा रही है। प्रार्थी की शिकायत का सत्यापन कर एसीबी रायपुर की टीम द्वारा आज ट्रेप कार्रवाई कर आरोपी कुलेश्वर गायकवाड़, उम्र 60 वर्ष, सीईओ जनपद पंचायत, बिलाईगढ़, जिला बलौदाबाजार को 20,000 रूपए की रिश्वत लेते हुए उनके शासकीय आवास, बिलाईगढ़ में पकड़ा गया।
एक प्रार्थी ने शिकायत की थी कि पटवारी, हल्का नं. 13, उंगारपाल, भनपुरी, जिला बस्तर द्वारा प्रार्थी से नामांतरण करवाने के एवज में 8000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन कर एसीबी की जगदलपुर यूनिट द्वारा आज ट्रेप कार्रवाई कर आरोपी मुकेश कुमार बिसाई, उम्र 27 वर्ष, पटवारी, उंगारपाल, भनपुरी, जिला बस्तर को उसके कार्यालय से 8000 रू. नगद का रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है।
वहीं एक अन्य प्रार्थी ने एसीबी में शिकायत की थी कि पटवारी, हल्का नं. 26, भेसकी, रा.नि.म. बरियों, तहसील राजपुर, जिला बलरामपुर द्वारा प्रार्थी से बी-1, नक्शा, खसरा की नकल देने के एवज में 50,000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन कर एसीबी की अंबिकापुर यूनिट द्वारा आज ट्रेप कार्रवाई कर आरोपी अमित गुप्ता, उम्र 30 वर्ष, पटवारी, हल्का नं. 26, भेसकी, रा.नि.म. बरियों, तहसील राजपुर, जिला बलरामपुर को आम जगह से 40,000 रू. नगद का पहला किश्त रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है।
इसके अलावा एक अन्य प्रार्थी ने एसीबी में शिकायत की थी कि पटवारी, हल्का नं. 22,23, ग्राम मानपुर, तहसील सहसपुर लोहारा, जिला कवर्धा द्वारा प्रार्थी से ऋण पुस्तिका बनाकर देने के एवज में 11,000 रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन कर एसीबी की रायपुर यूनिट द्वारा आज ट्रेप कार्यवाही कर आरोपी गजेन्द्र चंद्रवंशी, उम्र 37 वर्ष, पटवारी, हल्का नं. 22,23, सहसपुर, लोहारा, जिला कवर्धा को उनके कार्यालय में 11,000 रू. नगद रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है।






