
दुर्ग के शासकीय उत्तर माध्यमिक स्कूल के प्राचार्य का तबादला के विरोध में वहां के विद्यार्थी धरने पर बैठ गए हैं। छात्रों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को चेतावनी दी है कि जब तक प्रिंसिपल दीपक सिंह का तबादला आदेश रद्द नहीं किया जाता है वह धरने पर बैठे रहेंगे। छात्रों का गुस्सा यहीं तक नहीं रुका, उन्होंने स्कूल के अन्य शिक्षकों को अंदर बंद करके बाहर से ताला लगा दिया था।
मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर शिक्षा विभाग के अधिकारी पहुंचे। उन्हें छात्रों को मनाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। छात्रों का कहना है कि उनके स्कूल के प्राचार्य साल 2009 से हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य हैं। वह सभी विषयों के जानकार है। कोई भी अध्यापक नहीं रहता तो प्रिंसिपल खुद उस विषय को पढ़ाने के लिए क्लास लेते हैं।
हड़ताल से पहले दिया था ज्ञापन
छात्रों ने बताया कि उनकी उम्र पढ़ने लिखने की है। इसी के लिए वह इस आंदोलन के लिए बाध्य हो रहे हैं। उन्होंने प्राचार्य का तबादला रोकने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को आवेदन दिया था। उसमें लिखा था कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई तो वह आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इसके बाद भी उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसलिए वह धरना प्रदर्शन के लिए बाध्य हो रहे हैं।
शिक्षा अधिकारी शासन तक पहुंचाएंगे मांग
जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल का कहना है कि प्राचार्य दीपक सिंह का तबादला हायर सेकंडरी स्कूल उतई से बालोद किया गया है। यह आदेश शासन स्तर से हुआ है। छात्रों की मांग को वह शासन तक पहुंचा देंगे। आगे जो निर्णय होगा वह शासन स्तर पर ही होगा