सारंगढ़ जिला चिकित्सालय में निःशुल्क हाइड्रोसील ऑपरेशन महाभियान 18 मई से प्रारंभ

सारंगढ़ जिला चिकित्सालय में निःशुल्क हाइड्रोसील ऑपरेशन महाभियान 18 मई से प्रारंभ

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 मई 2026/कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिले में स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से हाइड्रोसील मुक्त जिला करने की दिशा में नई पहल की जा रही है। सीएमएचओ डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल की देखरेख में तैयार माइक्रो-प्लान किया गया है। 18 मई से जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में हाइड्रोसील (अण्डकोष) के निःशुल्क ऑपरेशन की विशेष सुविधा प्रारंभ की जा रही है।
डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव ने जानकारी दी कि, इस अभियान की सफलता के लिए मैदानी स्तर पर मितानिनों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से मरीजों की ‘लाइन लिस्ट’ तैयार की जा रही है। विकासखंडों से प्राप्त सूची के आधार पर ही मरीजों को ऑपरेशन हेतु जिला चिकित्सालय बुलाया जाएगा, जिससे मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
निःशुल्क लाभ हेतु आवश्यक दस्तावेज
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने जानकारी दी कि शासन की इस जनहितकारी योजना का लाभ उठाने के लिए हितग्राहियों को अपने साथ आयुष्मान कार्ड लाना अनिवार्य होगा। जिन मरीजों के पास आयुष्मान कार्ड उपलब्ध नहीं है, वे अनिवार्य रूप से अपना राशन कार्ड एवं आधार कार्ड की छायाप्रति साथ लेकर आएं।
ब्लॉकवार भर्ती, जांच और ऑपरेशन का दिन निर्धारित
जिले के नागरिकों को सुगमता से उपचार उपलब्ध कराने हेतु विकासखंडवार रोस्टर तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत प्रत्येक शिविर दिवस में अधिकतम 07 केस का ऑपरेशन किया जाएगा। भर्ती, जांच और ऑपरेशन का दिन निर्धारित है। बरमकेला ब्लॉक के नागरिकों की भर्ती और जांच प्रत्येक सोमवार को और ऑपरेशन प्रत्येक मंगलवार को होगा। सारंगढ़ ब्लॉक के नागरिकों की भर्ती और जांच प्रत्येक बुधवार को और ऑपरेशन प्रत्येक गुरुवार को होगा। बिलाईगढ़ ब्लॉक के नागरिकों की भर्ती और जांच प्रत्येक शुक्रवार को और ऑपरेशन प्रत्येक शनिवार को होगा।





