CG NEWS: एडीआरएम ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, रनिंग रूम की अव्यवस्थाओं पर जताई नाराज़गी
बिलासपुर रेल मंडल के एडीआरएम चंद्र भूषण शुक्रवार को निरीक्षण वैन से रायगढ़ पहुंचे। इससे पहले उन्होंने किरोड़ीमल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। रायगढ़ स्टेशन पर पहुँचते ही उन्होंने सबसे पहले चालक-परिचालक लॉबी का निरीक्षण किया, जहां लोको पायलटों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी।

CG NEWS: एडीआरएम ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, रनिंग रूम की अव्यवस्थाओं पर जताई नाराज़गी
बिलासपुर : बिलासपुर रेल मंडल के एडीआरएम चंद्र भूषण शुक्रवार को निरीक्षण वैन से रायगढ़ पहुंचे। इससे पहले उन्होंने किरोड़ीमल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। रायगढ़ स्टेशन पर पहुँचते ही उन्होंने सबसे पहले चालक-परिचालक लॉबी का निरीक्षण किया, जहां लोको पायलटों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी।

निरीक्षण के दौरान एडीआरएम रनिंग रूम पहुंचे, जहां उन्होंने ठहरने की व्यवस्था, बेड की उपलब्धता और साफ-सफाई की स्थिति की जांच की। इस दौरान उन्होंने पाया कि वर्तमान में रनिंग रूम में कुल 44 बेड जिसमें महिलाओं के लिए केवल 1 बेड ही उपलब्ध हैं, जबकि ट्रेन संचालन के बढ़ते दबाव के कारण कर्मचारियों की संख्या अधिक होती है। इससे कई बार कर्मचारियों को बेड की प्रतीक्षा करनी पड़ती है या उन्हें बिना आराम किए ही लौटना पड़ता है।

उन्होंने तुरंत बेड की संख्या बढ़ाने और सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए। इसके बाद एडीआरएम रसोईघर पहुंचे, जहां भोजन की गुणवत्ता को लेकर कर्मचारियों ने शिकायत की। कर्मचारियों ने बताया कि खाने की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। इस पर एडीआरएम ने रसोई व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए और सभी से सुझाव भी मांगे।

उन्होंने रनिंग रूम में दर्ज शिकायत रजिस्टर की भी समीक्षा की, जिसमें पानी और भोजन को लेकर लगातार शिकायतें दर्ज थी। उन्होंने इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। स्टेशन परिसर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सौंदर्यीकरण कार्यों की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त किया और कार्य में तेजी लाने को कहा।

लॉबी ऑफिस के नवीनीकरण पर भी चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान स्टेशन मास्टर एसएस महापात्र लगातार उनके साथ मौजूद रहे।रायगढ़ स्टेशन में पिछले एक वर्ष से सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा है, लेकिन अब तक यह कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। एडीआरएम ने इन कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।







