जे.पी. पब्लिक स्कूल में साइबर क्राइम के विरुद्ध जागरूकता अभियान आयोजित
बिलाईगढ़ । जे.पी. पब्लिक स्कूल, बेल्टिकरी में आज साइबर क्राइम के विरुद्ध जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर थाना बिलाईगढ़ से प्रशिक्षु सब-इंस्पेक्टर पुरेंद्र सर, राजेश सयतोड़े, नरेंद्र चंद्रा एवं मुकेश चंद्रा उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के विभिन्न महत्वपूर्ण उपायों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल एवं मैसेज, ओ टी पी साझा करने, सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क, साइबर ठगी तथा व्यक्तिगत जानकारी ऑनलाइन साझा करने से होने वाले खतरों के बारे में जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने बच्चों को समझाया कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें, अपना ओ टी पी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी एवं अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल अपने अभिभावकों एवं पुलिस को सूचना दें।
इस जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती बी. के. जायसवाल के साथ विद्यालय के सभी शिक्षकगण ओमेश्वर साहू, रमेश कुर्रे, अमीषा बंजारे, रंजिता कुर्रे, यामिनी बंजारे, अम्बरीष चंद्रसना, मानस बारीक, तुलैश्वरी साहू, देवकुमारी चौहान, हेमा बंजारे, भूमिका साहू, आशीष मिर्धा एवं दुबर्दल प्रधान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य बी. के. जायसवाल द्वारा थाना बिलाईगढ़ से पधारे प्रशिक्षु सब-इंस्पेक्टर एवं समस्त पुलिस स्टाफ का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करना आज के डिजिटल युग में अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

