मारपीट के आरोपियों का जुलूस नहीं निकालने को लेकर NH पर बैठ गए सत्तापक्ष के विधायक, समर्थकों ने लगाया एसपी को बर्खास्त करने का पोस्टर


बलरामपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुई दो पक्षों के बीच की मारपीट ने बवाल मचा दिया है. घटना को लेकर सत्तापक्ष के विधायक बृहस्पत सिंह सड़क पर उतर गए. वहीं दूसरी तरफ शहर में एसपी मोहित गर्ग को बर्खास्त करने को लेकर जगह-जगह पोस्टर लगाए जा रहे हैं.
दरअसल, सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिला मुख्यालय में स्थित कोतवाली थाने में पोस्टर लगाया गया है. जिसमें लिका है कि दंगाई एसपी को बर्खास्त करो. ये पोस्टर केवल थाना ही नहीं बल्कि शहर के कई हिस्सों में लगा हुआ है. यहां तक कि ट्रकों और बसों में भी पोस्टर लगा दिया गया है. ये पूरा मामला बुधवार देर रात हुई मारपीट से जुड़ा हुआ है. जिसे लेकर खुद विधायक गुरुवार दोपहर से लेकर शाम तक, आरोपियों का जुलूस निकालने की मांग को लेकर एनएच 343 पर धरना देकर बैठ गए. वहीं एसएसपी के मनाने पर उन्हें चमका दिया और कहा कि वे एसपी से नीचे किसी से बात नहीं करेंगे.

दोपहर तीन बजे से रात तक बृहस्पत सिंह थाने के सामने बैठे रहे. उनकी मांग ये है कि मारपीट के आरोपियों का पुलिस जुलूस निकाले. लेकिन जब पुलिस ने जुलूस नहीं निकाला तो विधायक एसपी के खिलाफ मोर्चा खोलकर सड़क पर बैठ गए. साथ ही उनके समर्थकों ने पुलिस कप्तान मोहित गर्ग का पूरे शहर में पोस्टर लगा दिया.
ये था मामला
बता दें कि बलरामपुर के पुराने बस स्टैंड में बुधवार रात को दो पक्षो में मारपीट हो गई थी. इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गुरुवारको गिरफ्तार किया. लेकिन उनका जुलूस नहीं निकलने से नाराज विधायक धरने पर बैठ गए.





