
रायपुर : कटोरा तालाब स्थित कबीर आश्रम के ठीक पीछे अवैध निर्माण को लेकर सोमवार को कबीर समाज के सैकड़ों लोग विरोध में उतर आए. समाज के लोगों का आरोप का है कि कांग्रेस नेता अनवर ढेबर ने अपने सत्ता और पावर का दुरुपयोग करके नगर निगम की ओर से जारी भवन के नक्शे के विपरीत जाकर अवैध तरीके से निर्माण कार्य करवाया है.
समाज के लोगों का आरोप है कि मनमानी करते हुए आश्रम और भवन निर्माण के बीच अब गाड़ी पार्किंग बनाने की प्लानिंग की जा रही है. वहीं भवन निर्माण के पास जो ट्रांसफार्मर लगा था, उसे आश्रम के पास लगवा दिया गया. जिससे दुर्घटना का खतरा मंडरा रहा है. वहीं 13 फिट गड्ढ़े को खुला छोड़ दिया गया है.
बता दें कि कबीर आश्रम में छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि देश भर से कबीरपंथ के आचार्य प्रकाशमुनि के अनुयायी उनके इस आश्रम में पहुंचते हैं. समाज की ये मांग है कि इस अवैध निर्माण को यहां से हटाया जाए और इसलिए आज विरोध में बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी रही. वहीं समाज ने अपनी मांग पूरी ना होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है