
हरेंद्र बघेल रायपुर। CG Liquor scam: छत्तीसगढ़ में दो हजार करोड़ रुपए के कथित शराब घोटाला मामले में ईडी के अधिकारियों ने अरविंद सिंह को गिरफ्तार कर आज कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने अरविंद सिंह को तीन दिन की रिमांड पर ईडी को सौंप दिया है।
ईडी ने 14 दिन की रिमांड की मांग की थी लेकिन स्पेशल कोर्ट के जज अजय सिंह राजपूत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद ED को अरविंद सिंह की तीन दिन की रिमांड का फैसला सुनाया है। रिमांड मंजूर करने के साथ ही अरविंद सिंह के आग्रह पर मां के निधन के बाद दैनिक रीति नीति को पूरा करने हर दिन एक घंटे के लिए घर ले जाने के आदेश दिए हैं।
मुक्तिधाम से किया था गिरफ्तार
कथित शराब घोटाला मामले में ईडी के अधिकारियों ने सोमवार को अरविंद सिंह (Arvind Singh) को मुक्तिधाम से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया।
मां के अंतिम संस्कार में पहुंचा था अरविंद सिंह
दरअसल, अरविंद सिंह की मां के निधन की खबर के बाद अरविंद सिंह अपनी मां के अंतिम संस्कार के लिए भिलाई के रामनगर मुक्तिधाम में पहुंचा था। तभी सीआरपीएफ जवानों के साथ ईडी की टीम वहां पहुंच गई और अंतिम संस्कार के बाद अरविंद सिंह को गिरफ्तार किया गया। अरविंद सिंह अपनी मां के अंतिम संस्कार के समय जिन कपड़े को पहने थे उसी कपड़ों में आज कोर्ट पहुंचे।