बदहाल सूरजगढ़ पुल के सरियों को छिपाने के लिए भरा मटेरियल

बदहाल सूरजगढ़ पुल के सरियों को छिपाने के लिए भरा मटेरियल
सारंगढ़-बिलाईगढ़ : रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को जोड़ने वाला सूरजपुर पुल की स्थिति खराब होती जा रही है। जगह-जगह सरिया बाहर निकल रहे हैं। यह खबर मिडिया मे प्रकाशित होने के बाद शनिवार को पीडब्ल्यूडी विभाग ने पुल के ऊपर नजर आ रहे सरिए को छुपाने के लिए मटेरियल भरा। सूरजपुर पूल की दयनीय स्थिति की खबर शनिवार को न्यूज मिडिया मे प्रमुखता से प्रकाशित की थी।

इसके बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने पुल और सड़क की मरम्मत कार्य की शुरुआत कर दी है। खबर मिडिया मे प्रकाशित होने के केवल 12 घंटे के भीतर ही संबंधित विभाग ने भारत इंटरप्राइजेज ठेका कंपनी को तत्काल मरम्मत शुरू करने के निर्देश जारी किए। महानदी पर स्थित सूरजगढ़ पुलिया लंबे समय से खराब हालत में थी। जगह-जगह बने गड्ढे और बाहर निकले सरिए लोगों के लिए खतरा बन गए थे। इस लापरवाही को उजागर करते हुए विभाग से कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कदम उठाया।

भारत इंटरप्राइजेज के जीएम साव ने बताया कि शनिवार से ही पुलिया की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वे खुद साइट पर मौजूद हैं और पीडब्ल्यूडी विभाग के तकनीशियन नितिन मिश्रा के साथ मिलकर गुणवत्तापूर्ण काम सुनिश्चित किया जा रहा है।











