जनदर्शन में कलेक्टर के हाथों दिव्यांगों को मिला ट्राईसाइकिल और व्हीलचेयर
दिव्यांग हितग्राहियों को मिली राहत

जनदर्शन में कलेक्टर के हाथों दिव्यांगों को मिला ट्राईसाइकिल और व्हीलचेयर

दिव्यांग हितग्राहियों को मिली राहत
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 26 मई 2026/कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जनदर्शन आयोजित कर आमजनों की समस्याएं, मांग एवं शिकायतें सुनीं। इसमें सारंगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में पेयजल समस्या एवं गन्दा पानी मिलने की शिकायत को लेकर प्राप्त हुए। इसके अलावा बिजली समस्या, प्रधानमंत्री आवास की मांग, ग्राम पंचायतों से जुड़ी शिकायतों सहित अन्य समस्याओं के संबंध में भी आवेदन दिए, जिस पर कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
ग्राम चुरेला निवासी 80 प्रतिशत दिव्यांग अरुण कुमार भारती ने चलने-फिरने में हो रही परेशानी को देखते हुए ट्राईसाइकिल की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने समाज कल्याण विभाग को तत्काल परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। परीक्षण उपरांत अरुण कुमार भारती को कलेक्टर के हाथों ट्राईसाइकिल वितरित की गई। ट्राईसाइकिल मिलने पर अरुण कुमार ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं जाटियापाली निवासी 75 प्रतिशत दिव्यांग चक्रधर गुप्ता द्वारा जनदर्शन में व्हीलचेयर हेतु आवेदन दिया गया था। कलेक्टर के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग द्वारा उन्हें व्हीलचेयर प्रदान की गई। सहायता सामग्री मिलने पर हितग्राहियों ने खुशी जाहिर करते हुए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।





