उद्यानिकी फसलों से किसान शिव प्रसाद प्रधान ने पकड़ी उन्नति की राह
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने छोटे नावापारा में गेंदा फूल की खेती का किया निरीक्षण
सफलता की कहानी
उद्यानिकी फसलों से किसान शिव प्रसाद प्रधान ने पकड़ी उन्नति की राह
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने छोटे नावापारा में गेंदा फूल की खेती का किया निरीक्षण
*किसान शिव प्रसाद प्रधान 1 एकड़ भूमि में कर रहे इंटरक्रॉपिंग खेती*
*धान के बदले किसान तीन सीजन में कर रहे हैं गेंदा फूल की खेती*
*किसान ने अब तक बिक्री कर चुके लगभग 40 हजार गेंदा फूल*
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 26 फ़रवरी 2026/कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने बरमकेला ब्लॉक के ग्राम छोटे नावापारा में गेंदा फूल की उन्नत खेती कर रहे किसान शिव प्रसाद प्रधान के खेत का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेत में की जा रही खेती की जानकारी ली और किसान के प्रयासों की सराहना की।
उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में किसान शिव प्रसाद प्रधान द्वारा 1 एकड़ भूमि में गेंदा फूल की खेती की जा रही है। किसान अब तक लगभग 40 हजार गेंदा फूल बेच चुके हैं, जिससे उन्हें अच्छी आय प्राप्त हुई है। जानकारी के अनुसार, वे साल में तीन सीजन में गेंदा फूल की खेती कर रहे हैं।
किसान पहले धान की खेती करते थे, जिससे कम मुनाफा होता था। अब गेंदा फूल की खेती से उन्हें बेहतर लाभ मिल रहा है। गेंदा की फसल के बीच खाली स्थान में इंटरक्रॉपिंग के रूप में धनिया पत्ती की भी खेती की जा रही है, जिसे स्थानीय सब्जी बाजार में बेचा जाता है। इससे अतिरिक्त आय का स्रोत भी तैयार हो गया है।
इसके अलावा किसान ढाई एकड़ भूमि में अरबी (कोचई) की खेती भी कर रहे हैं। किसान शिव प्रसाद प्रधान ने बताया कि वे हाल ही में बस्तर जिले के कोडागांव क्षेत्र में गुलाब और नारियल की खेती का निरीक्षण कर लौटे हैं और भविष्य में वे इन फसलों की खेती भी शुरू करने की योजना बना रहे हैं।
कलेक्टर ने किसान की नवाचारपूर्ण सोच और परिश्रम की सराहना करते हुए अन्य किसानों को भी पारंपरिक खेती के साथ-साथ उद्यानिकी फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।






