

कांकेर. कांकेर पुलिस ने शहर से बाइक चोरी के घटना में संलिप्त नाबालिग विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्केतार किया है. उसके कब्जे से दो स्कूटी और चार मोटरसाइकिल सहित कुल 6 दोपहिया वाहन जब्त किया गया है.
खास बात यह है कि, यह आरोपी बाइक को चोरी करके तब तक चलाता था जब तक उसका पेट्रोल खत्म नहीं हो जाता फिर वहीं बाइक को छोड़कर….दूसरी बाइक चुराता था. यह काम इसका शौक बन गया था.
दरअसर, कुछ दिनों से कांकेर शहर में मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले बढ़ गए थे. थाना कांकेर पुलिस प्राप्त शिकायतों के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना कर रही थी, थाना कांकेर एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा चोरी से सम्बन्धित घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज के आधार पर पतासाजी की जा रही थी.

घटना में शामिल विधि से संघर्षरत बालक की पहचान होने पर मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में शामिल विधि से संघर्षरत बालक उम्र 15 वर्ष को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसने चोरी करना स्वीकार किया. उसके घर से तथा उसके द्वारा अपने नाबालिक साथियों के घर में रखवाए हुए कुल 6 वाहनों को जब्त किया गया है.
दोस्तों के घर भी रखता था बाइक
बालक ने पूछताछ में बताया है कि वह मोटरसाइकिल चलाने के शौक के कारण गाड़ियों की चोरी करता था तथा पेट्रोल खत्म होने के बाद उसको अपने घर में रखवा देता था. परिजनों के द्वारा पूछने पर उन्हें अपने साथियों की मोटरसाइकिल होना बताया करता था. अन्य मोटर साइकिल को अपने नाबालिक साथियों के घर अपनी मोटरसाइकिल बताकर तथा पेट्रोल खत्म हो जाने का बहाना बता कर रख दिया करता था.





