कोरबाछत्तीसगढ़मुख्य खबरलोकप्रियशिक्षा

30वीं बार रक्तदान कर रासेयो कार्यक्रम अधिकारी बने युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत

30वीं बार रक्तदान कर रासेयो कार्यक्रम अधिकारी बने युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत

कोरबा : शासकीय इंजीनियर विश्वेसरैया स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोरबा के राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं सहायक प्राध्यापक गृह विज्ञान विभाग प्रो.अजय कुमार पटेल ने 30वीं बार रक्तदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानवीय सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत समर्पण को दर्शाती है, बल्कि विद्यार्थियों एवं नवयुवकों के लिए प्रेरणादायी मार्ग भी प्रशस्त करती है।

रक्तदान के उपरांत अपने उद्बोधन में कार्यक्रम अधिकारी प्रो.अजय कुमार पटेल ने यह स्पष्ट किया कि निरंतर रक्तदान से एक ओर जीवनरक्षा संभव होती है, वहीं दूसरी ओर यह स्वास्थ्य की दृष्टि से भी लाभकारी है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने हेतु सेवा, सहयोग एवं संवेदनशीलता की भावना अपनानी चाहिए।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.शिखा शर्मा, प्राध्यापकगण, ऑफिस स्टॉफ, परिवार के सदस्यों, शुभचिंतकों, कॉलेज के छात्रों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने इस अवसर पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह कार्य महाविद्यालय की गौरवशाली परंपरा का परिचायक है। एन.एस.एस. का मूल उद्देश्य ही सामाजिक सेवा के माध्यम से युवाओं में दायित्वबोध और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है, जिसे कार्यक्रम अधिकारी ने अपने आचरण से चरितार्थ किया है।

इस अवसर पर प्रो.पटेल से प्रेरणा लेते हुए स्वयंसेवकों ने रक्तदान किया एवं महाविद्यालय परिसर में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने संकल्प व्यक्त किया कि वे भी भविष्य में रक्तदान जैसे मानवीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे। निस्संदेह, यह पहल युवाओं के लिए एक आदर्श प्रेरणा है, जो समाज में सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना को प्रोत्साहित करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!