

बिलासपुर। न्यायधानी में मंगलवार को युवक की हत्या कर चलती कार से लाश फेंकी गई थी। पुलिस ने मृतक की पहचान अंबिकापुर निवासी यश साहू (18) रूप में की है। युवक बिलासपुर में रहकर UPSC की तैयारी कर रहा था। प्रथम दृष्टया प्रेम-प्रसंग के चलते युवक कि हत्या होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस अज्ञात हत्यारों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार यह मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। मंगलवार की दोपहर को परसदा स्थित गुंबर पेट्रोल पंप के पास कार सवार लोग शव को फेंककर भाग गए। स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान करने में जुट गई थी। जब युवक की पहचान नहीं हुई, तब पुलिस ने आसपास के थानों के साथ ही सोशल मीडिया में तस्वीर वायरल की। इसके बाद उसके दोस्तों ने शव की पहचान अंबिकापुर जिले के यश साहू (18) पिता राजेश साहू के रूप में की। वह कॉलेज स्टूडेंट था। और यूपीएससी की कोचिंग भी करता था।

आरोपियों ने मृतक के दोस्तों को किया गुमराह
मृतक यश साहू बिलासपुर में मंगला के चंद्र विहार कॉलोनी में किराये के रूम में रहता था। उसके पिता राजेश साहू अंबिकापुर में किराना का व्यवसाय करते हैं। आरोपियों ने मृतक यश साहू के मोबाइल से उसके दोस्त हार्दिक बंसल को मंगलवार शाम करीब 5 बजे फोन पर कहा, अपने दोस्त यश साहू को ले जाओ। जिसके बाद हार्दिक बंसल कुछ लोगों के साथ यश साहू को लेने आरोपियों द्वारा बताई गई जगह पर गया, लेकिन वहां कोई नहीं मिला।
प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका
बताया जा रहा है कि छात्र अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने गया था। जहां लड़की के रिश्तेदारों ने उसे देख लिया होगा। छात्र जींस पहना हुआ था। पर उसके अंडरगारमेंट नहीं थे। ऐसे में पुलिस को शक है कि लव अफेयर के चलते उसकी हत्या की गई होगी।





