
रायपुर के बूढ़ातालाब धरना स्थल में प्रदर्शन कर रहे दैनिक वेतनभोगी वन कर्मचारियों ने गुरुवार को हड़ताल स्थगित कर दिया है। यह फैसला अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद लिया गया। साथ ही कर्मचारी संगठन के नेताओं ने कहा है कि सरकार मांगें पूरी नहीं करती तो फिर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
बता दें कि पिछले 34 दिनों से वन कर्मचारियों की ये अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी थी। सभी कर्मी नियमितीकरण की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। मांगों पर आश्वासन के बाद कर्मियों ने हड़ताल स्थगित की है।
इन मांगों के लिए मिला आश्वासन
कर्मचारियों की प्रमुख मांग थी कि नियमितिकरण, आकस्मिकता निधी सेवा नियम लागू हो और उन्हें नियुक्ति आदेश दिया जाए। हड़ताल में शामिल सभी दैनिक कर्मी को फिर नौकरी पर रखा जाए। इसके अलावा उन्हें हड़ताल अवधि का वेतन भुगतान दिया जाए।
अनुदान राशि 1 लाख करने की मांग
कर्मचारियों की एक अन्य मांग है कि हड़ताल के दौरान जिन कर्मचारियों की मृत्यु हुई है उनके परिवार को एकमुश्त अनुदान राशि 1 लाख रुपए किया जाए। गुरुवार दोपहर मुख्य वन संरक्षक रायपुर समेत कई अधिकारी प्रदर्शन स्थल पहुंचे। मंच से कर्मचारियों की मांगें पूरी करने के लिए शासन की तरफ से आश्वासन दिया गया है। इसके बाद आंदोलन स्थगित का निर्णय लिया गया