एक ही परिवार के तीन सदस्यों को सांप ने काटा, मां-बेटे की मौत, पति की हालत गंभीर

सरगुजा। जिले के सीतापुर इलाके से बेहद दुःखद खबर सामने आई है। यहां घर में सो रहे पति-पत्नी और बच्चे को जहरीले सांप ने काट लिया है। इसकी वजह से मां-बेटे की मौत हो गई है। जबकि पति की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौप दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कतकालो में गुरुवार की रात विजय मांझी 48 वर्षीय अपनी पत्नी सुमित्रा 45 वर्षीय और 25 वर्षीय बेटे शहद राम जमीन पर सोये थे। इसी बीच देर रात घर में घुसे जहरीले सांप ने तीनों को काट लिया।
तीनों को भनक तक नहीं लगी। शुक्रवार सुबह महिला सुमित्रा मांझी अपने घर में मृत पाई गई। वहीं पिता विजय और बेटे शहद की हालत बहुत गंभीर थी।
ग्रामीणों ने पिता और बेटे को सीतापुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बेटे ने भी थोड़ी देर के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि, किसी को भी नहीं पता था कि, उन्हें सांप ने डसा है, डॉक्टरों ने जांच के बाद इस बात की पुष्टि हुई है। पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि महिला और बेटे की मौत सांप के काटने से हुई है। वहीं पिता का इलाज कर रहे डॉक्टर ने भी बताया कि व्यक्ति को किसी जहरीले सांप ने काटा है।