छत्तीसगढ़मुख्य खबरलोकप्रिय

PM Fasal Bima Yojana: 13 अगस्त को किसानों के खातों में आएंगे ₹3200 करोड़, जानें किसे कितना मिलेगा लाभ

PM Fasal Bima Yojana: 13 अगस्त को किसानों के खातों में आएंगे ₹3200 करोड़, जानें किसे कितना मिलेगा लाभ

PM Fasal Bima Yojana: कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 13 अगस्त को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत देशभर के 30 लाख किसान लाभार्थियों को ₹3200 करोड़ की फसल बीमा दावा राशि डिजिटल माध्यम से ट्रांसफर करेंगे। यह कार्यक्रम राजस्थान के झुंझुनू में आयोजित होगा, जिसमें राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और राज्य के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा भी मौजूद रहेंगे।

राज्यों के हिसाब से दावा राशि का वितरण

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कुल दावा राशि में से ₹1156 करोड़ मध्य प्रदेश के किसानों को और ₹1121 करोड़ राजस्थान के किसानों को दिए जाएंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के किसानों को ₹150 करोड़ तथा अन्य राज्यों के किसानों को ₹773 करोड़ ट्रांसफर किए जाएंगे। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी, जिससे किसानों को समय पर वित्तीय सहायता मिल सके।

नई दावा निपटान प्रणाली लागू

कृषि मंत्री चौहान ने बताया कि किसानों के हित में केंद्र सरकार ने एक नई और सरलीकृत दावा निपटान प्रणाली लागू की है। इसके तहत राज्य के प्रीमियम अंशदान का इंतजार किए बिना, केवल केंद्रीय सब्सिडी के आधार पर दावों का आनुपातिक भुगतान संभव होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीफ 2025 से अगर कोई राज्य सरकार अपने सब्सिडी अंशदान में देरी करती है, तो उस पर 12% का ब्याज जुर्माना लगाया जाएगा। इसी तरह, बीमा कंपनियों को भी भुगतान में देरी करने पर 12% ब्याज देना होगा।

योजना के अब तक के लाभ

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी। तब से अब तक इस योजना के तहत किसानों को ₹1.83 लाख करोड़ के बीमा दावों का निपटान किया गया है। खास बात यह है कि इसके बदले किसानों ने केवल ₹35,864 करोड़ का प्रीमियम जमा किया है। यह योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, फसल नुकसान और अनिश्चित मौसम की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में अहम भूमिका निभा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!