छत्तीसगढ़मुख्य खबरलोकप्रिय

CG News: बीमा राशि पाने के लिए रची फर्जी लूट की कहानी, आरोपी गिरफ्तार, 30 ग्राम सोने की ज्वेलरी जब्त

दुर्ग | बीमा और मुआवजा राशि हासिल करने के लिए झूठी लूट की कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को लूट का शिकार बताकर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन जांच में पूरा मामला फर्जी निकला।

दरअसल, 5 फरवरी को नितेश देवांगन ने कुम्हारी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी कि वह ज्वेलरी खरीदकर घर लौट रहा था। इसी दौरान कुगदा रोड स्थित सार्थक होम के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने धारदार हथियार दिखाकर उससे सोने की ज्वेलरी और करीब 14 लाख रुपये नकद लूट लिए।

शिकायत मिलने के बाद कुम्हारी थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की, लेकिन आरोपी द्वारा बताई गई लूट की घटना से संबंधित कोई भी फुटेज सामने नहीं आया।

सीसीटीवी साक्ष्य नहीं मिलने और बयान में विरोधाभास पाए जाने पर पुलिस ने नितेश देवांगन से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि व्यापार में लगातार नुकसान होने के कारण वह बीमा और मुआवजा राशि पाने के इरादे से झूठी लूट की कहानी पुलिस को बता रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 ग्राम सोने की ज्वेलरी भी बरामद कर ली है। झूठी एवं भ्रामक सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के आरोप में नितेश देवांगन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की झूठी सूचना देने से बचें, क्योंकि ऐसा करना कानूनन अपराध है और कठोर कार्रवाई की जा सकती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!