
CG News : इलाज के नाम पर खतरा: सिविल अस्पताल में भर्ती मरीज पर गिरा जर्जर छत का टुकड़ा
खैरागढ़. CG News : जिला मुख्यालय स्थित एकमात्र सिविल अस्पताल में शनिवार शाम बड़ा हादसा टल गया। इलाज के लिए भर्ती 20 वर्षीय दीपिका वर्मा, पिता पुरुषोत्तम वर्मा, ग्राम आमदनी के सिर पर अचानक जर्जर छत का टुकड़ा गिर गया। हादसे में दीपिका गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई।

अस्पताल की नई बिल्डिंग तैयार होने के बावजूद स्टाफ नर्सों की भारी कमी के कारण ऊपरी वार्ड खाली पड़े हैं। मजबूरी में मरीजों को पुराने और जर्जर भवन में भर्ती किया जा रहा है। यही लापरवाही शनिवार को मरीज पर भारी पड़ गई। वर्तमान में जिले के सबसे बड़े अस्पताल की व्यवस्था सिर्फ 7 नर्सों के भरोसे चल रही है।

परिजनों का आक्रोश
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने कहा – “इलाज करवाने आए हैं और ऊपर से छत गिर रही है। मजबूरी में सरकारी अस्पताल आना पड़ता है लेकिन यहां तो हमारी जान भी खतरे में है। क्या प्रशासन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है?”

डॉक्टर का बयान
डॉ. विवेक बिसेन ने बताया कि अस्पताल की बिल्डिंग करीब 90 साल पुरानी है और रिपेयरिंग के लिए शासन को कई बार प्रस्ताव भेजे गए, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई। घायल मरीज की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है।

यह हादसा एक बार फिर सरकारी व्यवस्थाओं की पोल खोलता है, जहां लाख दावे और घोषणाओं के बावजूद आम जनता की जिंदगी खतरे में है।






