
Mahasamund : खल्लारी में अवैध शराब को लेकर थाने का घेराव, अवैध शराब पर प्रतिबंध अड़े ग्रामीण
महासमुंद : जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कन्हारपूरी में बीती रात ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। अवैध शराब बिक्री से परेशान सैकड़ों ग्रामीणों ने देर रात खल्लारी थाने का घेराव कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पिछले कई महीनों से कुछ लोगों द्वारा खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है। जब ग्रामीणों ने इस पर रोक लगाने की कोशिश की — तो शराब बेचने वालों ने ग्रामीणों को ही धमकाना शुरू कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि ये सब पुलिस की मिलीभगत से हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि — शराब माफिया खुलेआम कह रहे हैं कि “पुलिस हमारे साथ है, कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”

ग्रामीणों ने पहले भी इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में की थी, लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई — तो बीती रात गांव के सैकड़ों लोग थाने पहुंच गए और अवैध शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग पर अड़ गए।

काफी मशक्कत और पुलिस के आश्वासन के बाद आखिरकार ग्रामीणों ने देर रात अपना प्रदर्शन खत्म किया। हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर अवैध शराब बिक्री पर रोक नहीं लगी, तो वे फिर से बड़ा आंदोलन करेंगे।









