बच्चों के सामने मां की हत्या, घर छोड़कर बच्चों से बोला-किसी को बताया तो तुम्हें भी मार दूंगा

खैरागढ़। ग्राम मुतेड़ा से एक दिलदहला देने वाली वारदात सामने आई है। पति ने चरित्र शंका के चलते अपनी ही पत्नी की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। आरोपित के दोनों बच्चे हत्या के प्रत्यक्षदर्शी हैं। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपित पति फरार चल रहा है। घटना शुक्रवार शाम तकरीबन छह से सात बजे के आसपास की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते मुतेड़ा नवागांव निवासी मृतका संगीता जंघेल अपने पति प्रमोद जंघेल से अलग रह रही थी। वह अपने दो बच्चों के साथ काफी समय से मायके भिलाई में निवासरत थी। वारदात वाले दिन यानि शुक्रवार को भी संगीता मायके में ही थी। लेकिन सुबह ही प्रमोद उसे घर लाने के नाम से भिलाई सुपेला स्थित ससुराल पहुंचा था।
वह शाम को पत्नी और बच्चों को लेकर वापस घर के लिए निकले। यहां छह बजे करीब पहुंचे। लेकिन प्रमोद ने नवागांव स्थित घर में अपनी बाइक नहीं रोकी। उसे बहाना बनाकर पत्नी और बच्चों को नदी किनारे ले गए। इस दौरान दोनों में फिर से जमकर विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी प्रमोद ने अपने पास रखे चाकू से हमला किया। लेकिन उसमें सफल नहीं हो पाए। फिर आरोपी ने कपड़े से संगीता का गला घोटा दिया।
उसके बेहोश होकर गिरते ही आरोपी प्रमोद ने एक बड़ा पत्थर उसके सिर पर पटक दिया। इससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बच्चों को घर छोड़ दिया। जब बच्चों ने परिजनों को घटना के बारे में बताया तो उनके पैरो तले से जमीन ही खिसक गई। उन्होंने आनन फानन में पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही एएसपी नेहा पांडेय व टीआई राजेश साहू टीम के साथ घटना स्थल पहुंचे। मौके का मुआयना कर शुक्रवार रात को ही शव कब्जे में लिया। वही शनिवार को गहमागहमी महौल के बीच शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
बच्चों ने बताया हत्या का वीभत्स दृश्य
ग्राम पंचायत मुतेड़ा के आमनेर नदी किनारे बच्चों के सामने ही पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपित प्रमोद ने दोनों बच्चों को घर पर वापस लाकर छोड़ दिया। वहीं घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की भी धमकी दी। लेकिन बच्चों ने रोते बिलखते अपने स्वजनों को वारदात की एक-एक वीभत्स दृश्यों के बारे में बताया। इसके बाद परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस को सूचना दी।
बच्चों को घर छोडक़र भागने के बाद से आरोपित का कोई सुराग पता नहीं चला है। पुलिस ने आरोपित को पकडे के लिए पूरी ताक झोंक दी है। सूत्रों की माने तो पुलिस आरोपित तक पहुंच चुकी है।
11 वर्ष पहले हुई थी लव मैरिज
आरोपित प्रमोद और संगीता ने करीब 11 साल पहले इंटर कास्ट लव मैरिज की थी। प्रमोद के पिता सहदेवराम बीएसपी नौकरी करते थे। इस दौरान प्रमोद का भिलाई में रहना हो रहा था। वहीं प्रमोद और संगीता की मेल मुलाकात हुई, वही दोनों ने लव मैरिज कर ली। कुछ समय पहले प्रमोद के पिता रिटायर्ड हो गए। रिटायरमेंट के बाद बीएसपी ने क्वाटर खाली करा दिया।
इसके बाद उनके माता-पिता वापस मुतेड़ा नवागांव आ गए। वहीं प्रमोद खुद एक प्राइवेट ठेकेदार के नीचे काम करने लगा। लेकिन कुछ समय बाद प्रमोद अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रोजाना झगड़ा-लड़ाई होती थी। इससे तंग आकर संगीता काफी समय से अपने मायके में ही रह रही थी।