

दीपक वर्मा रायगढ़। जिले में लिव इन रिलेशनशिप में रह रही प्रेमिका की मौत हो गई है। बताया जा रहा है युवती गर्भवती थी और उसका गर्भपात कराने के लिए उसके प्रेमी ने दवाई खिलाई जिसके चलते उसकी तबियत बिगड़ गई। युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उसकी मौत हो गई। मृतिका के परिजनों ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। मृतिका युवती इंदिरा नगर निवासी दानिश खान उर्फ समीर हसन के साथ अंबेडकर आवास मेडिकल काॅलेज के पास किराए के मकान में साथ रह रहे थे।

इस दौरान दोनों में शारीरिक संबंध बना और युवती प्रेगनेंट हो गई। प्रेमिका के गर्भवती होने पर दानिश ने उसे गर्भपात की दवा खिला दी। दवा खाने के बाद युवती की हालत बिगड़ी और उसे बिलासपुर के सिम्स में भर्ती कराया गया। यहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतिका के परिजनों ने सरकंडा थाने में आरोपी युवक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने जीरो पर मामला दर्ज कर केस डायरी रायगढ़ चक्रधरनगर थाने को सौंपी। रायगढ़ पुलिस ने तत्काल कारवाई करते हुए आरोपी दानिश को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।





