छत्तीसगढ़ में महिला गांजा तस्कर गिरफ्तारः चौक के पास कर रही थी ग्राहक की तलाश…


अम्बिकापुर। अम्बिकापुर में नशे के खिलाफ अभियान चला रही सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गांधीनगर पुलिस ने 1 लाख 70 हजार रुपए कीमती के 8 किलो गांजा पकड़ा है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, गांधीनगर पुलिस को बीती शाम मुखबिर से सूचना मिली की एक महिला गांधीनगर थाना क्षेत्र के चठिरमा चौक के पास काले रंग के बैग में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक की खोज कर रही है। मौके पर पहुंची गांधीनगर पुलिस ने घेराबंदी कर महिला को हिरासत में लिया।

तलाशी में बैग में रखे 8 किलो गांजा बरामद किया गया। इसके बाद महिला को गिरफ्तार कर गांधीनगर पुलिस थाने लेकर आई। वहीं महिला की पहचान मध्यप्रदेश के सिंगरौली निवासी शाबिता प्रजापति के रूप में की है। गांधीनगर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।





