छत्तीसगढ़
पुलिस और नक्सलियों में मुठभेड़, BSF-DRG जवानों पर एलएमजी-हेंडग्रेनेड से हमला, कई माओवादी घायल

छत्तीसगढ़ के कांकेर में रविवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में चार से पांच नक्सलियों के घायल होने की खबर है। बीएसएफ और डीआरजी के जवान सर्चिंग पर निकले थे। इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि एलएमजी और हेंडग्रेनेड से भी हमला किया गया है। जवानों की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। इसके बाद नक्सली वहां से भाग निकले। मुठभेड़ की पुष्टि एसपी शलभ सिन्हा ने की है।

बड़े नक्सली लीडरों के भी होने की संभावना
नक्सलियों के भागने के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। अतिरिक्त फोर्स भी भेजी गई है। कई अफसर भी मौके पर पहुंच गए हैं। फिलहाल सर्चिग पार्टी अभी लौटी नहीं है। उनके आने के बाद ही विस्तृत जानकारी मिल सकेगी। अफसरों के मुताबिक, वहां परसापुर एरिया कमेटी के साथ ही नक्सलियों की माड़ डिवीजन के भी सदस्य मौजूद थे। इनके साथ ही बड़े नक्सली लीडर शेखर, विजय रेड्डी, जयमति की होने की संभावना है। घायल नक्सलियों को उनके साथी लेकर भागे हैं। कई को खाट पर ले गए।
कांकेर में लगातार जारी है नक्सलियों से मुठभेड़
कांकेर में नक्सलियों की आमद एक बार फिर तेज हुई है। इससे करीब दो सप्ताह पहले 28 जनवरी को भी आमाबेड़ा क्षेत्र के उसेली के जंगल मे मुठभेड़ हुई थी। करीब 40 मिनट चली इस मुठभेड़ के बाद नक्सली भाग निकले थे। मुठभेड़ में कई नक्सलियों को गोली लगने का भी दावा किया गया। सर्चिंग के दौरान जवानों ने वहां से भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की थी।
