छत्तीसगढ़बिलासपुर

गिरफ्तार कोयला कारोबारी से वकील के सामने पूछताछ के आदेश को चुनौती, रिमांड बढ़ाने की भी होगी मांग

बिलासपुर : कोयला कारोबार से जुड़े सूर्यकांत तिवारी को विशेष अदालत से राहत देने वाले आदेश को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है। स्पेशल कोर्ट ने ED को आदेश दिया है कि सूर्यकांत तिवारी से उनके वकील के सामने पूछताछ की जाए और हर एक दिन की अंतराल में उन्हें वकील से मिलने दिया जाए। कोर्ट के इसी आदेश के खिलाफ ED ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। कोर्ट ने इसकी अर्जेंट हियरिंग का आवेदन खारिज कर दिया। अब जब नंबर आएगा तो इसे सुना जाएगा। उधर 10 नवंबर को पूरी हो रही रिमांड को बढ़ाने के लिए भी ईडी प्रयास करेगी।

रायपुर की विशेष अदालत में 29 अक्टूबर को कारोबारी सूर्यकांत तिवारी सरेंडर करने पहुंचे था। इसकी जानकारी होने के बाद ED के वकील ने कोर्ट को बताया कि तिवारी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का केस है, जिसमें उनकी गिरफ्तारी करना है। गिरफ्तारी के बाद ED ने पूछताछ करने के लिए कोर्ट रिमांड मांगी। कोर्ट ने उसकी 12 दिन की रिमांड स्वीकार की। इस दौरान सूर्यकांत तिवारी के वकील ने कोर्ट से आग्रह किया था कि उन्हें वकील के सामने पूछताछ करने की छूट दी जाए। इस आग्रह के बाद कोर्ट ने इस बात से तो इनकार कर दिया था, कि तिवारी से पूछताछ वकील के सामने की जाए, लेकिन कोर्ट ने इसके आदेश दिए थे कि पूछताछ के दौरान उसके वकील दूर बैठें और उनकी देखरेख में सवाल-जवाब हो

एक दिन के अंतराल में वकील से मिलने दिया है आदेश
इस बीच सूर्यकांत तिवारी के वकील ने विशेष अदालत के समक्ष यह भी आवेदन पत्र प्रस्तुत किया कि उसे वकील और परिवारवालों से मिलने का मौका दिया जाए। इस पर कोर्ट ने परिवार वालों से मिलने के आग्रह को खारिज करते हुए उसके वकील को हर एक दिन के अंतराल में मिलने का आदेश दिया है।

ED ने विशेष अदालत के आदेश को दी है चुनौती
ED ने विशेष अदालत से सूर्यकांत तिवारी को दी गई छूट के आदेश को खारिज करने की मांग की है। याचिका में ED की तरफ से कहा गया है कि सूर्यकांत तिवारी से उसके वकील की निगरानी में पूछताछ की जा रही है। वहीं, अब उसे वकील से मिलने का आदेश दिया गया है। इससे ED की जांच प्रभावित होगी। वह रोज अपने वकील से मिलेगा, तो बताएगा कि क्या पूछताछ की जा रही है और इसकी जानकारी शेयर कर वह जांच को प्रभावित करेगा। बुधवार को इस याचिका पर ED के वकील ने अर्जेंट सुनवाई करने का आग्रह किया और जस्टिस दीपक तिवारी की कोर्ट में बहस की। लेकिन, कोर्ट ने उनके तर्कों को नहीं सुना और कहा कि केस का नंबर आने पर ही प्रकरण की सुनवाई होगी।

विशेष अदालत में गुरुवार को किया जाएगा पेश
इधर, सूर्यकांत तिवारी पिछले 11 दिन से ED की रिमांड पर है। गुरुवार को रिमांड की अवधि खत्म हो रही है। लिहाजा, ED उसे विशेष अदालत में पेश करेगी। सूत्रों का कहना है कि गुरुवार को ED विशेष अदालत से सूर्यकांत तिवारी की रिमांड बढ़ाने की मांग करने की तैयारी में है। कहा जा रहा है कि ED की पूछताछ अभी पूरी नहीं हुई है। यही वजह है कि कोर्ट से रिमांड लेकर उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।

छापे में मिला 200 करोड़ का अवैध हिसाब
कोयला कारोबार से जुड़े सूर्यकांत तिवारी के रायपुर व महासमुंद स्थित मकान में आयकर विभाग ने भी जांच पड़ताल की थी। कोरबा के भी कुछ कारोबारियों के ठिकानों पर रेड की कार्रवाई हुई। प्रदेश में हुई इस जांच के बाद आयकर विभाग की तरफ से कहा गया कि जांच में 200 करोड़ रुपये से अधिक कलेक्शन के सबूत मिले थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!