

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कोरोना काल के 32 माह बाद फिर से सिटी बस की सुविधा शुरू हो गई है। सोमवार को पूजा-अरर्चना कर हरी झंडी दिखाकर सिटी बस को रवाना किया गया। इस दौरान सभापति शेख नजीरूद्दीन ने स्टेयरिंग संभालते हुए मेयर को कंडक्टर बनाया और नगर निगम आयुक्त और एमआईसी मेंबर को यात्री बनाकर डिपो तक सैर कराया। यात्रियों को 20 रुपए में सिटी बस की सुविधा मिलेगी। रूट चार्ट तय होने के साथ ही रेट लिस्ट का निर्धारण एक-दो दिन में कर दिया जाएगा।
बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ के 11 शहरों में 2016 में सिटी बसों का संचालन शुरू किया गया था। बिलासपुर में 10 एयर कंडीशन्ड और 40 नॉन एसी बसों का संचालन कई रूटों पर किया गया। कोरोना का संक्रमण शुरू होते ही 23 मार्च 2020 को लॉकडाउन के दौरान सिटी बसों के संचालन पर ब्रेक लगा दिया गया। इसके बाद से अब तक सिटी बसें बंद रहीं। सिटी बसों का संचालन ठप होते ही देखरेख के अभाव में 34 सिटी बसें कंडम हो गई। इनकी रिपेयरिंग में अब सोसायटी को 1.85 करोड़ रुपए खर्च करना पड़ रहा है। सिटी बस के संचालन के लिए नगरीय प्रशासन सचिव ने 4 अप्रैल को सभी निकायों को निर्देशित किया था।

विधि-विधान से पूजा कर दिखाई हरी झंडी
पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा उपलब्ध कराने के शासन के आदेश पर अमल करते हुए जिला अर्बन पब्लिक सर्विस सोसायटी ने सोमवार से सिटी बसों का संचालन किया। सिटी बसों का संचालन शुरू करने के लिए कोनी स्थित सिटी बस टर्मिनल में महापौर रामशरण यादव ने विधि विधान से पूजा आराधन कर सिटी बसों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
इन रूटों पर चलेंगी सिटी बस
सोसायटी के नोडल अधिकारी अनुपम तिवारी ने बताया कि सिटी बसों का संचालन एक साथ 7 रूटों पर किया गया। पहले दिन सभी बसें दो फेरे लगाएंगी। जिन रूटों पर बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है, उनमें बिलासपुर से रतनपुर, कोटा, मल्हार, तखतपुर, बिल्हा शामिल हैं। यात्रियों को सरकंडा के नूतन चौक से रेलवे स्टेशन तक मात्र 20 रुपए में सफर की सुविधा मिलेगी। इसी तरह बाकी के रूट के लिए भी रेट लिस्ट का निर्धारण किया जा रहा है।
एयरपोर्ट के लिए मिलेगी एसी बस की सुविधा
महापौर रामशरण यादव ने बताया कि बिलासा दाई केंवट एयरपोर्ट चकरभाठा के लिए बिलासपुर से सिटी बस सेवा शीघ्र शुरू की जाएगी। यह फ्लाइट के बोडिंग टाइम से घंटे भर पहले पहुंचेगी। सोमवार से 7 रूटों पर सिटी बसों का संचालन शुरू हो गया है। इसके बाद जैसे-जैसे सिटी बसें तैयार होती जाएंगी उन्हें विभिन्न रूटों पर चलाया जाएगा। ठेका कंपनी को 45 दिनों के अंदर सभी 50 बसों का संचालन करने कहा गया है।




