CG NEWS : पीपल का वृक्ष काटकर हिन्दू आस्था से खिलवाड़ करने वाला व्यापारी गिरफ्तार, देवला बाई के कांपते हाथों से फिर रोपा श्रद्धा का पौधा

CG NEWS : पीपल का वृक्ष काटकर हिन्दू आस्था से खिलवाड़ करने वाला व्यापारी गिरफ्तार, देवला बाई के कांपते हाथों से फिर रोपा श्रद्धा का पौधा
खैरागढ़ : सोमवार को ग्राम सर्रागोंदी में हिन्दू आस्था को ठेस पहुंचाने वाला बड़ा मामला सामने आया था। गांव के पास सरकारी घास भूमि पर स्थित हरे-भरे पीपल वृक्ष को रविवार की रात काट दिया गया। ग्रामीण इसे हनुमानजी का वास मानकर वर्षों से पूजा करते थे। आरोप है कि खैरागढ़ के व्यापारी इमरान मेमन ने भूमि पर कब्जा करने की नीयत से मजदूरों से वृक्ष कटवाया। सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने कटे वृक्ष को देखा तो पूरे गांव में आक्रोश फैल गया और उन्होंने खैरागढ़ थाना प्रभारी को आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की लिखित शिकायत दी।

पुलिस जांच में मजदूरों ने स्वीकार किया कि इमरान मेमन ने ही पेड़ कटवाने का आदेश दिया था। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने भी अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने इमरान और मजदूर प्रकाश कोसरे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से दोनों को जेल भेज दिया गया।

बुधवार को भाजपा व विश्व हिंदू परिषद पदाधिकारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पहुँचे। जिस 90 वर्षीय ग्रामीण देवला बाई पटेल ने 25 वर्ष पूर्व इस पीपल के वृक्ष को रोपा था और उसे रोज पानी देकर अपने बच्चे की तरह सिंचा था उन्हीं के कांपते हाथों से उसी स्थान पर पीपल का नया पौधा रोपा गया और ग्रामीणों व मौजूद विहिप पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने वहीं हनुमान मंदिर निर्माण का संकल्प लिया।









