
CG breaking news : जुए की रेड के दौरान युवक की कुएं में गिरकर मौत — नाराज ग्रामीणों ने थाने में मचाया बवाल, तोड़फोड़ और चक्काजाम से तनावपूर्ण हालात
सूरजपुर : दीपावली की रात सूरजपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जयनगर थाना क्षेत्र के कुंज नगर में जुआ खेलने की सूचना पर पुलिस की टीम छापामार कार्रवाई के लिए पहुंची थी। लेकिन पुलिस को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई। इसी दौरान एक युवक कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। देर रात बड़ी संख्या में नाराज ग्रामीण जयनगर थाना पहुंच गए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए थाने में घुस गए। इस दौरान पुलिस कर्मियों से झूमाझटकी और थाना परिसर में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई है।

सूत्रों के मुताबिक, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिस की अचानक रेड से अफरा-तफरी मच गई, जिसके कारण युवक की जान चली गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने थाने के सामने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। देर रात तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए थे। फिलहाल जयनगर थाना क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
नमस्कार,छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरों के लिए पढ़िए प्रज्ञा 24 न्यूज छत्तीसगढ़ का ब्रेकिंग न्यूज सबसे पहले जाने










