CG Accident : सड़क हादसे में पूर्व सरपंच की मौत, अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई

CG Accident : सड़क हादसे में पूर्व सरपंच की मौत, अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकराई
धमतरी : धमतरी जिले के नगरी–सांकरा मार्ग पर स्थित महानदी पुल के पास भीषण सड़क दुर्घटना में ग्राम खम्हरिया निवासी एवं पूर्व सरपंच पूरन नेताम (42 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, पूरन नेताम प्रतिदिन की तरह गुरुवार को भी नगरी स्थित मनोज टेंट हाउस में मुंशी के रूप में अपना कार्य समाप्त कर मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान महानदी पुल के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। भीषण टक्कर में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।

स्थानीय राहगीरों की मदद से तत्काल 108 एंबुलेंस बुलाकर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नगरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों की चर्चाओं के अनुसार हादसा किसी भारी वाहन को साइड देने के प्रयास में होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही नगरी नगर सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया है।

मिलनसार, सरल एवं जनसेवा भाव से परिपूर्ण पूरन नेताम के निधन से ग्रामीणों में गहरा दुःख व्याप्त है। उनका जाना क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति मानी जा रही है।









