नारायणपुर से दुर्ग आ रही बस दुर्घटनाग्रस्त:भिलाई की दो महिलाएं घायल, BSF के जवानों ने पहुंचाया अस्पताल

नारायणपुर से दुर्ग के लिए आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में भिलाई निवासी दो महिलाएं बुरी तरह घायल हो गईं। सूचना मिलते ही मौके पर BSF के जवान पहुंचे। उन्होंने दोनों महिलाओं को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए सामरिक मुख्यालय दण्डकवन की 11वीं वाहिनी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक यात्रियों से भरी एक यात्री बस 23 जुलाई शनिवार शाम नारायणपुर से दुर्ग के लिए निकली थी। बस जैसे ही सामरिक मुख्यालय दण्डकवन 11वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल के कैंप से 1 किलोमीटर आग निकली ड्राइवर ने अपना संतुलन खो दिया। भारी बारिश में तेज रफ्तार बस को ड्राइवर संभाल नहीं पाया। बस सड़क से नीचे उतर गई और बड़े पेड़ से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस सामने से काफी क्षतिग्रस्त हो गई। इससे बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्रियों को चोटें आई। बस दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही BSF के जवान रेस्क्यू के लिए मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। जिन्हें चोटें आई उनका वहीं पर प्राथमिक उपचार किया।
भिलाई निवासी दो महिलाओं का चल रहा उपचार
इस सड़क दुर्घटना में बस में सवार भिलाई निवासी दो महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। BSF के जवानों ने संध्या दहारिया (37) और करेना दहारिया का प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उनकी स्थित गंभीर होने से उन्हें एंबुलेंस से सामरिक मुख्यालय दण्डकवन की 11वीं वाहिनी के अस्पताल पहुंचाया गया। वहां दोनों महिलाओं का उपचार चल रहा है। उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।