छत्तीसगढ़जगदलपुर

बोलेरो और ट्रक में आमने-सामने टक्कर, अस्थि विसर्जन कर तेलंगाना से लौट रही थी फैमिली

छत्तीसगढ़-तेलंगाना राज्य की सीमा पर भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई। एक्सीडेंट में घायल दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज जारी है। मरने वाले सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। बोलेरो वाहन से ये सभी भद्राचलम में अस्थि विसर्जन के लिए गए हुए थे। लौटते समय बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने से टक्कर हो गई।

दोनों वाहनों की टक्कर इतनी भीषण थी कि 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया जहां दो लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद सभी 8 शवों को आज बम्हनी गांव पहुंचाया गया है।

भद्राचलम से बस्तर लौट रहे थे

पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले कोंडागांव जिले में पदस्थ एक जवान ने सुसाइड कर लिया था। मृत जवान के परिवार के 10 सदस्य बोलेरो वाहन में सवार होकर तेलंगाना के भद्राचलम में दो दिन पहले अस्थि विसर्जन के लिए गए हुए थे। मंगलवार की देर शाम बस्तर लौट रहे थे। इसी बीच छत्तीसगढ़ से 30 किमी पहले बोड्डुगुडेम गांव के पास वाहन की ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए।

6 लोगों की मौके पर मौत

हादसे के बाद वाहन में सवार कुछ लोग दूर जा गिरे जबकि ड्राइवर समेत एक बुजुर्ग वाहन में ही फंसे थे। इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, 4 लोग घायल हो गए। मार्ग से गुजर रहे लोगों ने सभी घायलों को भद्राचलम अस्पताल पहुंचाया, जहां 2 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 2 घायलों का इलाज जारी है। मृतकों और घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।

मृतकों के नाम..

  • 1. मनीराम ठाकुर (60)
  • 2. राजेश ठाकुर (50)
  • 3. किरण ठाकुर (35)
  • 4. मनीषा ठाकुर (25)
  • 5. साठ ठाकुर (55)
  • 6. नयन ठाकुर (60)
  • 7. डिलेंद्र ठाकुर
  • 8. श्वेता ठाकुर

दो घायल बच्चों का इलाज जारी

  • 1. दिव्यांशु ठाकुर
  • 2. कार्तिक ठाकुर (17)

भीषण सड़क हादसे में जहां पूरा परिवार खत्म हो गया वहीं घायल दो बच्चों का भद्राचलम में इलाज जारी है। एंबुलेंस से सभी 8 शवों को बम्हनी गांव लाया गया है।

मोहन मरकाम पहुंचे बम्हनी गांव

बोलेरो को ड्राइवर राजेश ठाकुर चला रहा था। हादसे में जान गंवाने वाले सभी बम्हनी गांव के निवासी थे। पोस्टमॉर्टम के बाद सभी शवों को गांव लाया गया। 8 शव एक साथ पहुंचने से गांव में मातम छाया हुआ है। सूचना मिलते ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम भी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात कर रहे हैं

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button