देश विदेश

हर घर तिरंगा के लिए गांधीगीरी करेंगी भाजपा,:प्रभात फेरी निकाल लोकोत्सव मनाएगी पार्टी, भाजयुमों निकलेगी वाहन जुलूस

देश अपनी आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। इसको जश्न में बदल कर अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जायेगा। भाजपा कार्यकर्ता राम धुन ‘रघुपति राघव राजा राम’ बजाते हुए प्रभात फेरी निकाल कर लोगों को 15 अगस्त पर घरो में तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित करेंगे। 11 अगस्त तक कार्यकर्ताओं को तिरंगा वितरित करने के लिए दे दिये जायेंगे।

सभी विधानसभाओं में पार्टी ने तिरंगा लहराने के 25 हजार के लक्ष्य को पर्दे के पीछे से बढ़ा कर दोगुना कर दिया है। पार्टी प्रदेश पदाधिकारी सभी जिलों में जनप्रतिनिधिओं और जिला पदाधिकारिओं के साथ बैठक कर तैयारियो की प्रगति रिपोर्ट तलब कर रहे है। पार्टी के मोर्चा और प्रकोष्ठ भी सक्रिय कर दिये गये है।

गांधीगीरी कर तिरंगा के लिए जागरूक किये जायेंगे लोग

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और हर घर तिरंगा अभियान के प्रदेश सह सयोजक ब्रज बहादुर भारद्वाज ने बताया कि 8 और 9 अगस्त को सभी वार्डों के गली – मोहल्लों में राम धुन ‘रघुपति राघव राजा राम’ बजाते हुए प्रभात फेरी निकाली जाएंगी। 11 अगस्त को भाजयुमो की ओर से तिरंगा बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली में चल रहे पार्टी कार्यकर्ता, प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रमुख राजनैतिक नेताओं, प्रमुख उद्यमियों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, प्रतिष्ठित चिकित्सकों, वकीलों के घरों पर झंडा लगाएंगे।

टोलिया बनाकर निकलेंगे युवा, सेल्फी करेंगे शेयर

भारद्वाज ने बताया कि युवाओं में देशभक्ति की भावना जागृत करने के लिए युवाओं व युवतियों को अपने अपने घरों में स्वयं झंडा लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। 13, 14 व 15 अगस्त को तिरंगा टोलिया घरों में झंडा लगाने के लिए निकलेंगी। युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाने के लिए उनके घरों में झंडे लगाने के दौरान उस घर के युवाओं के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर शेयर भी की जाएगी।

11 अगस्त तक कार्यकर्ताओं को दिए जाएंगे झंडे

सभी सरकारी कार्यालयों,शिक्षण संस्थानों , चौराहों, सरकारी अस्पतालों पर तिरंगा फहराने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन को पहले ही दी जा चुकी है। भाजपा ने हर-घर तिरंगा लगाने का लक्ष्य एक करोड़ रखा है। इसके लिए भाजपा ने अपनी फौज उतार दी है। भाजपा की सभी जिला इकाई ने इस काम के लिए जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, शक्तिकेंद्र संयोजक और बूथ अध्यक्षों को जिम्मेदारी दे दी है। पार्टी की ओर से इन कार्यकर्ताओं को 11 अगस्त तक राष्ट्रीय ध्वज दे दिए जाएंगे। इन कार्यकर्ताओं पर ही घर-घर तिरंगा लगवाने की जिम्मेदारी होगी।

जिलों में शुरू हुआ बैठकों का दौर

पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने जिलों में बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। भाजपा के सभी जनप्रतिनिधियों को बैठकों में तिरंगा को लेकर लक्ष्य निर्धारित कर दिए गए हैं। सभासद विधायक, मेयर, सांसद सभी को जिम्मेदारियां दी जा चुकी है। वर्तमान सभासद से लेकर विधायक और सांसदों को निर्देश दिए गए हैं। जिसमें विधायको को अपनी विधानसभाओं में 25 की जगह 50 हजार घरों में तिरंगा के टारगेट को पाना होगा। इसमें पार्टी का भी सहयोग शामिल रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button