
Bilaspur News: निगम की लापरवाही; कचरा डंपिंग का पुराना खेल फिर शुरू, जहरीले धुएँ से हाहाकार….
बिलासपुर : नगर निगम की लापरवाही ने एक बार फिर मंगल क्षेत्र के लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। वार्ड 13 के छपरा भाटा इलाके में कचरा डंपिंग का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। जहां कभी लोगों ने राहत की सांस ली थी, वहीं अब हालात फिर पहले जैसे ही हो गए हैं।बल्कि और ज्यादा खराब।

दरअसल, कुछ दिनों पहले पार्षद ने सामान्य सभा में छपरा भाटा में कचरा डंप किए जाने का मुद्दा उठाया था। शिकायत के बाद निगम प्रशासन हरकत में आया और कचरा हटवा दिया गया। शुरुआत में एक–दो हफ्ते तक प्रशासन ने सही तरीके से ध्यान भी दिया।लेकिन फिर वही पुरानी कहानी निगम प्रशासन ने एक बार फिर उसी जगह कचरा डंप करना शुरू कर दिया। बल्कि सिर्फ डंप नहीं कचरे में आग भी लगा दी गई, जिससे उठ रहा जहरीला धुआँ पूरे मोहल्ले के लिए मुसीबत बन चुका है।स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने कचरा डंप करने के लिए एक निर्धारित कछार बनाया है, लेकिन सफाई कर्मियों ने उसी व्यवस्था को दरकिनार कर दोबारा छपरा भाटा में कचरा फेंकना शुरू कर दिया है। धुएं की वजह से बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं।

बरसात में कचरे की बदबू झेल रहे लोगों के लिए अब यह धुआँ किसी नई आफत से कम नहीं है। मोहल्लेवासी कहते हैं।बदबू से महीनों परेशान रहे, अब धुएँ ने जीना दूभर कर दिया है!

जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने निगम प्रशासन पर सख्त नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई नहीं की और कचरा डंपिंग व आग लगाने की प्रक्रिया बंद नहीं की, तो मंगल क्षेत्र के लोग उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

अब सवाल ये है कि क्या नगर निगम इस गंभीर समस्या पर तुरंत कदम उठाएगा या फिर यह मामला भी पिछली शिकायतों की तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?मंगल क्षेत्र के हजारों लोगों की सेहत पर मंडराते इस खतरे को देखते हुए प्रशासन की अगली कार्रवाई बेहद अहम होगी।







