
बिलासपुर। इस वक्त की बड़ी खबर छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से सामने आ रही है, जहां बंदूक की नोक पर सर्राफा व्यवसायी से लूट की सनसनीखेज वारदात हुई है। दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यवसायी को अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने रास्ते में रोककर मारपीट की और सोने-चांदी के जेवरात से भरी उनकी गाड़ी लूटकर फरार हो गए। बदमाश वारदात के बाद मौके पर अपनी वैन और बाइक छोड़ गए। यह पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

राजकिशोर नगर के सरस्वती शिशु मंदिर के सामने रहने वाले संतोष तिवारी सर्राफा व्यवसायी हैं। वह महालक्ष्मी ज्वेलर्स के नाम से ज्वेलरी दुकान का संचालन करते हैं। आज रात 9 बजे वह दुकान बंद कर अपने घर जा रहे थे। दुकान बंद करते वक्त उन्होंने दुकान से महंगी ज्वैलरी अपनी मैहरून रंग की रेनॉल्ट कंपनी की गाड़ी में रख ली थी। वे रोज दुकान बंद करते वक्त दुकान के सारे गहने घर ले जाते थे और सुबह वापस लाकर दुकान में ग्राहकों के लिए सजाते थे।

रात करीब 9:00 बजे राज किशोर नगर के टेलीफोन एक्सचेंज रोड शक्ति चौक में पहुंचे थे, तो अज्ञात नकाबपोश व्यक्तियों द्वारा संतोष तिवारी की गाड़ी को सफेद रंग की वैन से ओवरटेक कर रोक लिया गया। जैसे ही संतोष तिवारी रुके, पीछे से पैशन प्रो मोटरसाइकिल में सवार कुछ लोग आ गए। उन्होंने संतोष तिवारी को बंदूक दिखाकर गाड़ी से बाहर निकलने को कहा और उनके साथ जमकर मारपीट की। बदमाशों ने उन्हें बंदूक की बट से भी मारा, जिसके बाद वे संतोष तिवारी की गहनों से भरी गाड़ी लेकर फरार हो गए।







