रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की समय-सारिणी फिर चर्चा में
शीतकालीन अवकाश में भी परीक्षाओं से बढ़ी छात्रों की परेशानी

रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की समय-सारिणी फिर चर्चा में
शीतकालीन अवकाश में भी परीक्षाओं से बढ़ी छात्रों की परेशानी
प्रज्ञा 24 न्यूज ! : पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (रविवि) की सेमेस्टर परीक्षाओं की जारी समय-सारिणी एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पिछले वर्ष रिकॉर्ड संख्या में टाइम-टेबल में बदलाव करने वाले रविवि ने इस बार भी त्रुटियों से भरी समय-सारिणी जारी कर दी है। हैरानी की बात यह है कि 23 से 25 दिसंबर तक घोषित शीतकालीन अवकाश के दौरान भी परीक्षाएं रख दी गई हैं।

इस चूक से महाविद्यालयों का प्रबंधन परेशान है। मौखिक रूप से त्रुटियों की जानकारी रविवि को दी गई, लेकिन अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है, जबकि परीक्षाएं कुछ ही दिन में शुरू होने वाली हैं।
छात्रों के लिए बढ़ी मुश्किलें
सीए, यूजीसी-नेट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तिथियां भी इसी अवधि में होने के कारण छात्रों को टकराव की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। निजी महाविद्यालय संघ के सचिव डॉ. देवाशीष मुखर्जी के अनुसार, कई कॉलेजों ने नवंबर से परीक्षाएं शुरू करने पर भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि सितंबर तक प्रवेश देकर नवंबर में परीक्षा लेने से छात्रों के परिणाम प्रभावित होते हैं।

पाठ्यक्रम से हटे विषय भी जोड़ दिए
रविवि हर बार की तरह पहले अस्थायी समय-सारिणी जारी करता है ताकि कॉलेज अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकें। मगर इस बार अस्थायी टाइम-टेबल में उन विषयों को भी शामिल किया गया था, जिन्हें राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू होने के बाद पाठ्यक्रम से हटा दिया गया है। कॉलेजों की आपत्ति के बाद इन विषयों को हटाया गया, लेकिन बाकी गलतियों को अब तक नहीं सुधारा जा सका है।

समय-सारिणी की गड़बड़ियों से छात्र और महाविद्यालय दोनों ही चिंतित हैं और जल्द सुधार की उम्मीद कर रहे हैं।








