
बलरामपुर के शंकरगढ़ जंगल में महिला पर भालू का हमला, मवेशी चराने गई थी जंगल
भालू ने महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया है.
बलरामपुर: सरगुजा संभाग घने जंगलों और पहाड़ियों वाला क्षेत्र है. इस संभाग में बलरामपुर जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर, सूरजपुर और सरगुजा आते हैं. इन घने जंगलों में हाथी, भालू, तेंदुआ, बाघ सहित अन्य वन्य जीव जंगलों में रहते हैं. जंगल के नजदीक गांवों में रहने वाले ग्रामीण अपने दैनिक जरूरत के लिए लकड़ी लेने या फिर मवेशी चराने के लिए जंगल में ही जाते हैं. इस दौरान अक्सर उनका सामना जंगली जानवरों से हो जाता है. रविवार को भी ऐसी ही एक घटना सरगुजा संभाग के बलरामपुर जिले में हुई.

भालू के हमले से महिला गंभीर घायल
बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ विकासखंड क्षेत्र से लगे जंगल में एक महिला पर भालू ने हमला कर दिया. घटना ग्राम पंचायत अमरथा भुनेश्वरपुर गांव के पास के जंगल की है. महिला जंगल में अकेली थी जिससे किसी को मदद के लिए भी नहीं बुला सकी. भालू ने महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया.
मवेशियों को चराने जंगल गई थी
महिला का नाम अनीता देवी है, जो अपने गाय बकरी और दूसरे मवेशियों को चराने जंगल लेकर गई थी. इसी दौरान झाड़ियों से अचानक एक भालू निकला और उसने महिला पर हमला कर लहूलुहान कर दिया. इस दौरान काफी देर तक महिला मदद के लिए आवाज लगाती रही. कुछ दूर बाद जंगल में मौजूद दूसरा चरवाहा मौके पर पहुंचा. उसने भालू को भगाया.

अंबिकापुर अस्पताल में महिला का इलाज
घायल महिला को किसी तरह शंकरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर जाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
भालू के हमले में घायल हुई महिला के सिर, कंधे, हाथ पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोट थी. महिला बुरी तरह से जख्मी थी. हमने प्राथमिक उपचार करने के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया-आफताब अंसारी, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, शंकरगढ़

मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर में मादा भालू शावकों के साथ कर रही सैर: सरगुजा संभाग के मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर में शहर में पिछले कई महीनों से भालू घूमते हुए नजर आ रहे हैं. एक मादा भालू अपने दो शावकों के साथ NH-43 से लेकर आमाखेरवा रोड तक घूमती हुई नजर आ रही है. कुछ दिन पहले इसी मादा भालू ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया था, जो गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हुआ. भालू से दूर रहने की वन विभाग की चेतावनी के बावजूद लोग भालू का वीडियो बनाने के लिए उसके पीछे भागते नजर आए.
भालू की कई प्रजातियां है. जिनमें से कुछ संरक्षित है.
एशियाई काला भालू: एशियाई काला भालू संरक्षित प्राणी है. इसके शरीर के अंगों के लिए अवैध शिकार के मामले सामने आते हैं.
ध्रुवीय भालू: इसे समुद्री स्तनपायी संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित किया गया है.

भूरा भालू: भूरे भालुओं की आबादी स्थिर होने के बावजूद उन्हें संरक्षण में उच्च प्राथमिकता दी गई है. क्योंकि वे बड़े प्राकृतिक क्षेत्रों पर निर्भर करते हैं. इन्हें पारिस्थतिक तंत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है.







